
Dewas Pahad Singh Kannauje Death: मध्यप्रदेश के देवास जिले की बागली विधानसभा सीट के पूर्व विधायक पहाड़सिंह कन्नौजे का बुधवार को निधन हो गया। हार्ट अटैक आने के बाद पहाड़ सिंह कन्नौजे को परिजन इंदौर के अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पूर्व विधायक कन्नौजे के निधन का समाचार मिलते ही देवास जिले के साथ ही पूरे प्रदेश में भाजपा पार्टी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
बीजेपी के पूर्व विधायक पहाड़ सिंह कन्नौजे का बुधवार को इंदौर में हार्ट अटैक से निधन हो गया। कन्नौजे 2018 में बागली से विधानसभा चुनाव जीते थे। वे पूर्व में पुलिस विभाग में डीएसपी के पद पर कार्यरत थे और इस्तीफा देकर उन्होंने चुनाव लड़ा था। तब उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कमल सिंह वास्कले को 11,843 वोटों से हराया था। इस चुनाव में पहाड़ सिंह कन्नौजे को कुल 89,417 वोट मिले थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कमल सिंह वास्कले को 77,574 वोट प्राप्त हुए थे।
2023 के विधानसभा चुनावों में पार्टी ने पहाड़ सिंह कन्नौजे को टिकट नहीं दिया था। इसके बाद से वो पार्टी के कार्य कर रहे थे और क्षेत्र में सक्रिय थे। कन्नौजे मूलत: बागली विधानसभा की उदयनगर तहसील के ग्राम वनग्राम पटाड़ीपाला के रहने वाले थे। कन्नौजे के निधन से देवास जिले के साथ ही पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।
पहाड़ सिंह कन्नौजे के निधन पर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने एक्स पर पोस्ट कर दुख व्यक्त किया है। चिटनीस ने अपने पोस्ट में लिखा है- बागली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री पहाड़ सिंह कन्नौजे जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। जनसेवा व क्षेत्र के विकास में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!