धौलपुर

धौलपुर में ACB की कार्रवाई, मंदिर के पास 25 हजार की रिश्वत लेते कनिष्ठ सहायक रंगे हाथ गिरफ्तार

ACB Action In Dholpur: धौलपुर में एसीबी ने ग्राम पंचायत रतनपुर के कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मनरेगा मस्टरोल जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

2 min read
Jun 03, 2026
ACB action in Dholpur
कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार। फोटो- पत्रिका

धौलपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने धौलपुर जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत रतनपुर के कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मनरेगा योजना के तहत मस्टरोल जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की कार्रवाई के बाद सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। एसीबी अधिकारियों के अनुसार एक परिवादी ने धौलपुर एसीबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।

यह वीडियो भी देखें

शिकायत में कहा था कि ग्राम पंचायत रतनपुर में कार्यरत कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार मनरेगा से संबंधित मस्टरोल जारी करने के लिए 26 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने गोपनीय सत्यापन कराया। जांच के दौरान 25 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर भरतपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

भूतेश्वर मंदिर के पास जाल बिछाया

धौलपुर एसीबी चौकी के पुलिस उप अधीक्षक ज्ञानचंद के नेतृत्व में गठित टीम ने भूतेश्वर मंदिर के पास जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी ने परिवादी से 25 हजार रुपए लिए, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की राशि आरोपी की पैंट की जेब से बरामद की गई। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

एसीबी ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह पूरी कार्रवाई एसीबी की महानिरीक्षक पुलिस मती एस. परिमला के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई। इससे पहले भी धौलपुर में एसीबी ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्का पटवारी वीरेंद्र शर्मा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।

आरोपी पटवारी जमीन के नामांतरण के बदले एक किसान से घूस मांग रहा था। शिकायत मिलने पर एसीबी ने गोपनीय जांच कर आरोपों की पुष्टि की और विशेष टीम गठित की। निर्धारित योजना के तहत परिवादी ने जैसे ही आरोपी को 50 हजार रुपए सौंपे, सादा वर्दी में तैनात एसीबी कर्मियों ने उसे चारों ओर से घेरकर पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर उसे हिरासत में लिया गया था।

Published on:
03 Jun 2026 03:53 pm