
धौलपुर. शहर से लगे प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थल मचकुंड धाम इलाके में पैंथर के मूवमेंट ने स्थानीय लोग समेत अन्य शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार-सोमवार रात पैंथर के यहां आरईसीएल (बारुद फैक्ट्री) परिसर में चहल-कदम करते देखा गया। फैक्ट्री के सुरक्षा कर्मियों ने पैंथर को मोबाइल में कैद किया और कंपनी प्रशासन को सूचना दी।
उधर, जानकारी होने पर लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, मचकुंड घूमने आने वाले पर्यटक समेत अन्य लोगों को सावचेत रहने की सलाह दी है। वन विभाग प्रशासन का कहना है कि पैंथर का क्षेत्र में मूवमेंट है इसलिए लोग रोड के अलावा जंगल की तरफ नहीं जाएं। साथ ही ग्रुप में रहे। उधर, पैंथर की सूचना पर वन विभाग ने इलाके में सर्चिंग शुरू कर दी है। गौरतलब रहे कि पैंथर लगातार मचकुंड और शहर से सटे चंबल के बीहड़ में लगातार मूवमेंट कर रहा है। गत दिनों पैंथर ने मचकुंड इलाके में एक गोवंश का भी शिकार किया था।
दो वीडियो हुए वायरल, जानकारी नहीं
पैंथर के बीती रात्रि मचकुंड स्थित आरईसीएल फैक्ट्री परिसर में मूवमेंट के दो अलग-अलग वीडियो वायरल हुए हैं। इसमें एक में पैंथर सडक़ की तरफ निकलता हुआ नजर आ रहा है। फैक्टी में कार्यरत सुरक्षाकर्मियों ने गेट के अंदर से मोबाइल से एक शॉर्ट वीडियो बनाया है। इसी तरह एक दूसरे वीडियो में भी पैंथर परिसर में रात्रि के समय टहलता हुआ दिख रहा है। उधर, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य डीएफओ ने बताया कि अभी जानकारी नहीं मिली है, फिर भी जांच करवा लेंगे।
धौलपुर-करौली टाइगर सेंचुरी में भी मूवमेंट
इधर, नई बन रही धौलपुर-करौली टाइगर सेंचुरी में भी टाइगरों ने अपना बसेरा डाल रखा है। वर्तमान में करीब 5 से 6 टाइगर हैं, जिसमें शावक भी शामिल हैं। यह धौलपुर जिले में आने वाली सेंचुरी के हिस्से में मूवमेंट है। यहां क्षेत्र में भी वन विभाग की टीम लगातार मॉनिटरिंग करने में जुटी है। गत दिनों कूनो नेशनल पार्क से भी एक चीता (केजीपी-3) यहां सेंचुरी में आ गया था, जो बाद में भरतपुर के रुदावल क्षेत्र में पहुंच गया था।
अकेले भ्रमण पर नहीं जाएं
उधर, पैंथर के मचकुंड और शहर के करीब चंबल बीहड़ समेत शेरगढ़ किले के आसपास मूवमेंट होने से वन विभाग ने लोगों को थोड़ा सतर्क रहने की हिदायत दी है। कहा कि रात्रि के समय इलाके में नहीं जाए और सुबह जल्दी टहलने नहीं जाएं। साथ ही ग्रुप में रहें और मचकुंड और शेरगढ़ किले की तरफ से उजाले में भी लौट जाएं।
- पैंथर का मूवमेंट धौलपुर के पास बना हुआ है। कुछ सीसीसीटी फुटेज सामने आए हैं। टीम इलाके में जांच कर रही है। किसी को नुकसान पहुंचाने की सूचना नहीं है।
- वी.चेतन कुमार, डीएफओ धौलपुर