
Dholpur Road Accident : धौलपुर. राजाखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। गढ़ी आछेलाल गांव के समीप कार पलटने से राजकुमार (40 वर्ष) पुत्र तारनसिंह और भूपेंद्र (38 वर्ष) पुत्र लाखन सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शनिवार तड़के 4 बजे के आस-पास राहगीरों की नजर दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। एक युवक घटना में कार से बाहर निकल कर गिरा और दूसरा कार में ही फंसा रह गया। दोनों युवकों की मौत से परिवारों में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4 बजे राहगीरों ने सड़क पर पलटी हुई कार देखी। सूचना मिलने पर राजाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनास्थल गढ़ी आछेलाल गांव से करीब एक किलोमीटर दूर था। उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से कार को सीधा कराया और भीतर फंसे युवक को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों शवों को राजाखेड़ा स्थित शहीद राघवेंद्र सिंह उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में भिजवाया गया। सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतकों में गढ़ी आछेलाल निवासी राजकुमार (40 वर्ष) और दिघी निवासी भूपेंद्र (38 वर्ष) शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार, राजकुमार शादीशुदा था और उसके दो बेटियां तथा एक बेटा है। वहीं, भूपेंद्र का पांच वर्षीय बेटा है। हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
राजाखेड़ा थानाधिकारी वीर सिंह ने बताया कि दोनों युवक कहां जा रहे थे और कार किन परिस्थितियों में पलटी, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।