डूंगरपुर

डूंगरपुर: सरकारी स्कूल में फंदे से लटके मिले युवक-युवती, पत्नी ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के गैंजी गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में एक युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले।
less than 1 minute read
Feature image
डूंगरपुर: सरकारी स्कूल में फंदे से लटके मिले युवक-युवती- फोटो पत्रिका नेटवर्क

डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के गैंजी गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में एक युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के मुर्दाघर पहुंचाया, जहां युवक के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा।

स्कूल भवन के सरिए से लटका मिला युगल

चौकी प्रभारी हजारीलाल ने बताया कि बुधवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि गैंजी स्कूल परिसर में एक प्रेमी युगल ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि दोनों के शव स्कूल भवन के बाहर निकले हुए एक लोहे के सरिए से, एक ही रस्सी के सहारे फंदे पर लटके हुए थे। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित किया। युवक के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भेजा।

पत्नी ने दर्ज करवाई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

मृतक युवक की पत्नी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका पति बीते 1 फरवरी से घर से लापता था। परिजनों ने उसे हर जगह तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर पत्नी ने 17 फरवरी को चौरासी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, लेकिन अगले ही दिन सुबह पति की मौत की खबर मिली।

पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी की उपस्थिति में मेडिकल बोर्ड द्वारा युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। शाम तक युवती के परिजनों के नहीं पहुंचने के कारण उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Updated on:
18 Feb 2026 05:39 pm
Published on:
18 Feb 2026 05:39 pm