
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो- पत्रिका
जोधपुर। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानान्तर्गत शोभावतों की ढाणी में यूआईटी कॉलोनी स्थित मकान में मौसेरी बहन की गेंती से सिर पर वार कर हत्या करने के बाद भाई ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके से सुसाइड नोट मिला है, लेकिन पुलिस चुप्पी साधे हुए है। वारदात का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
थानाधिकारी ईश्वरचंद पारीक ने बताया कि सत्रह वर्षीय छात्रा की हत्या की गई है। उसी कमरे में मूलत: फलोदी जिले के ढेलाणा हाल यूआईटी कॉलोनी निवासी कैलाश (27) पुत्र किशनलाल जांगिड़ रस्सी के फंदे पर लटका मिला। उसने मौसेरी बहन के सिर पर गेंती से घातक वार कर हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली।
सुबह 11 बजे युवक के फंदे पर लटकने की सूचना मिली। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विनीत कुमार बंसल व अन्य अधिकारी वारदात स्थल पहुंचे। एमओबी व एफएसएल बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए गए। जांच के बाद शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया। युवती के परिजन की ओर से मृतक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।
कैलाश बुधवार सुबह बाहर नहीं निकला तो परिजन ने उसे आवाज लगाई। कॉल भी किए, लेकिन जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। संदेह होने पर पिता स्कूल से घर लौटे। वे छत पर गए और लोहे के जंगले से अंदर देखा तो कैलाश फंदे पर लटका नजर आया। थानाधिकारी ईश्वरचंद पारीक मौके पर पहुंचे।
दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो जमीन पर खून ही खून फैला नजर आया। फर्श पर युवती का खून से लथपथ शव पड़ा था। कैलाश फंदे से लटका हुआ था। पास ही गेंती पड़ी थी, जिस पर खून लगा था। पुलिस को अंदेशा है कि मंगलवार देर रात फर्श पर सोई युवती के सिर पर गेंती से वार कर हत्या की गई। मौसेरी बहन का शव फर्श पर था। ऊपर चद्दर थी। इससे आशंका है कि वह सोई हुई थी और नींद में ही गेंती से वार कर हत्या की गई।
मृतका बीएसटीसी कर रही थी, जबकि कैलाश इंजीनियरिंग करने के बाद आईएएस और आरएएस की तैयारी कर रहा था। उसका एक और भाई भी है। पिता निजी स्कूल में एकाउंटेंट हैं। कैलाश मकान से जुड़े अन्य मकान में रहकर पढ़ाई करता था। युवती उसकी मौसेरी बहन थी, जो मंगलवार शाम या रात को ही कैलाश के घर आई थी। रात को दोनों कार लेकर बाहर भी गए थे। घर लौटने के बाद दोनों पास वाले मकान में चले गए थे।
वारदात स्थल के ठीक पास वाले मकान में कैलाश के परिजन सोए हुए थे। किशनलाल का पास ही एक अन्य मकान भी है। बीच में एक दीवार व पॉर्च है। गेंती के वार से युवती चिल्लाई होगी, लेकिन किसी को पता नहीं लगना संदेह उत्पन्न करता है।
युवक के आत्महत्या की सूचना मिली थी। मौके पर युवती का शव भी मिला, जिसकी हत्या की गई थी। जांच की जा रही है। सुसाइड नोट मिला है, लेकिन उसमें कुछ खास नहीं है।
Updated on:
18 Feb 2026 08:11 pm
Published on:
18 Feb 2026 02:57 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
