डूंगरपुर

Dungarpur : बिजली उपभोक्ताओं को इस माह लगेगा जबरदस्त झटका, 10 प्रतिशत से अधिक बढ़ सकता है बिल, जानिए क्यों?

Dungarpur : बिजली उपभोक्ताओं को इस माह बड़ा झटका लगेगा। बिजली बिल 10 प्रतिशत से अधिक बढ़ सकता है, जानिए क्यों?
2 min read
Dungarpur Electricity consumers shocked Bills may 10 percent increase this month know why
फाइल फोटो पत्रिका

Dungarpur : डूंगरपुर शहर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए इस बार परेशानी बढ़ने वाली है। डिस्कॉम में मार्च माह की बिलिंग नहीं होने से करीब 20 हजार से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं। अप्रेल के 12 दिन गुजरने के बावजूद अब तक मीटर रीडिंग नहीं ली गई है। इससे उपभोक्ताओं को बढ़ी हुई दरों पर बिजली बिल चुकाना पड़ेगा। डिस्कॉम ने शहरी क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं को ग्रामीण सब डिवीजन में ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसी प्रक्रिया में देरी के कारण शहर की बिलिंग व्यवस्था पूरी तरह से गड़बड़ा गई।

पहले जहां सिटी एईएन के पास लगभग 30 हजार उपभोक्ताओं का भार था, वहीं अब इसे कम करने के लिए डूंगरपुर ग्रामीण सब डिवीजन बनाया है। पर, ट्रांसफर में देरी का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। इस व्यवस्था के चलते दोवड़ा, बिछीवाड़ा, शहर और ग्रामीण सब डिवीजन में बिलिंग कार्य लगातार प्रभावित हो रहा है। लाइनमैन अब तक कई क्षेत्रों में रीडिंग लेने नहीं पहुंचे हैं।

10 प्रतिशत से अधिक बढ़ सकता है बिल

बिलिंग में देरी का सीधा असर उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा। कई उपभोक्ताओं की मासिक खपत 100 यूनिट के आसपास रहती है। इससे उन्हें 100 यूनिट तक राहत मिलती थी। पर, इस बार बिलिंग देरी से होने के कारण यूनिट बढ़कर 150 तक पहुंच सकती है। ऐसे में न सिर्फ मुफ्त बिजली का लाभ कम होगा। बल्कि, स्थायी शुल्क, नगरीय उपकर और अन्य चार्ज भी अधिक देने होंगे।

डूंगरपुर. शहर का डिस्कॉम कार्यालय। फाइल फोटो पत्रिका

24 घंटे की प्रक्रिया में 13 दिन की देरी

डिस्कॉम के नियमानुसार एक सब डिवीजन से दूसरे में उपभोक्ता ट्रांसफर करने की ऑनलाइन प्रक्रिया सामान्यत: 24 घंटे में पूरी हो जाती है। पर, इस बार ग्रामीण सब डिवीजन के पुनर्गठन के चलते यह प्रक्रिया लंबी खिंच गई। इससे हजारों उपभोक्ताओं की बिलिंग प्रभावित हुई। अधिकारियों ने डाटा बनाकर उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दिया था। इस डाटा के ट्रांसफर की प्रक्रिया में देरी के कारण अभी तक बिलिंग नही हो पाई है।

जल्द करेंगे बिलिंग

बिलिंग प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। ग्रामीण सब डिवीजन में उपभोक्ताओं के ट्रांसफर में समय लग गया था। उच्चाधिकारियों ने लगातार संपर्क कर रहे है। उम्मीद है सब कार्य तेजी से पूरा हो जाएगा।
आशिष मिश्रा, एईएन सिटी डिस्कॉम डूंगरपुर

Updated on:
13 Apr 2026 10:56 am
Published on:
13 Apr 2026 10:56 am