डूंगरपुर

Dungarpur : पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने की अफवाह से मची अफरा-तफरी, उमड़ी भीड़

Dungarpur : पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और संघर्ष के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने की अफवाह ने राजस्थान के डूंगरपुर के सीमलवाड़ा कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। जानें फिर क्या हुआ।
2 min read
Rajasthan Dungarpur petrol and diesel price hikes Rumours spark panic crowds gather
सीमलवाड़ा कस्बे में बीती रात को पेट्रोल पंप पर वाहनों की लगी भीड़। फोटो पत्रिका

Dungarpur : पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और संघर्ष के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने की अफवाह ने सीमलवाड़ा कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। इस अफवाह के चलते बीती शाम से देर रात तक पेट्रोल पंपों पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की भीड़ देखी गई।

हैरानी की बात यह रही कि जो उपभोक्ता सामान्यत 100 रुपए का पेट्रोल भरवाते थे, वे डर के मारे 500 से 1000 रुपए तक का पेट्रोल भरवाते नजर आए। कई बड़े वाहन स्वामियों ने न केवल अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल करवाईं, बल्कि 20 से 50 लीटर के प्लास्टिक केन भी साथ भरकर ले गए।

भीड़ को देखते हुए पेट्रोल पंप संचालकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन से अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल-डीजल की कोई किल्लत नहीं है और न ही कीमतों में कोई अचानक वृद्धि हुई है। उन्होंने जनता से भ्रामक संदेशों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है।

पेट्रोल पंप पर रात्रि को लगी कतार में मारपीट

पीठ.अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तनाव के बीच में पेट्रोल की समस्या की अफवाह से बाइक की पेट्रोल पंप पर लगी कतार में विवाद में मारपीट का मामला पुलिस तक पहुंचा। प्रार्थी सुरेश पुत्र कंवरजी चमार निवासी नयागांव गोबर ने धंबोला पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार रात्रि 10 बजे पीठ के एक नायरा पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने लगी कतार में पहले पेट्रोल भरवाने को लेकर विवाद होने पर आरोपी जयेश पुत्र प्रताप डामोर निवासी नयागांव गोबर ने प्रार्थी के साथ लॉतों, घूंसों से मारपीट की। मुंह,आंख पर मुक्का मारा। जिससे गम्भीर चोट पहुंची।

आंख से रक्त शुरू हो गया। तत्काल पुलिस के 112 नंबर से सूचना कर पुलिस ने पहुंच शांति व्यवस्था की। प्रार्थी की घटना की हकीकत पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में होना बताया है। थानाधिकारी ने प्रार्थी के देर रात्रि को प्राप्त प्रार्थना पत्र पर चोट के लिए सीमलवाड़ा सीएचसी के चिकित्साधिकारी को तहरीर दी।

महंगाई के विरोध में विधायक खड़िया का प्रदर्शन, चूल्हे पर बनाई रोटी-चाय

वहीं बांसवाड़ा के कुशलगढ़ ब्लॉक में कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में उपखंड मुख्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक रमीला खड़िया ने किया। धरने के दौरान विधायक खड़िया ने चूल्हे पर लकड़ी से रोटी व चाय बनाकर महंगाई के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध जताया। उन्होंने कहा कि गैस, पेट्रोल व आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से आमजन परेशान है।

विधायक रमीला खड़िया। फोटो पत्रिका

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आमजन की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनता आने वाले समय में जवाब देगी। प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Updated on:
25 Mar 2026 10:50 am
Published on:
25 Mar 2026 10:49 am