
डूंगरपुर। गुजरात के वडोदरा में राजस्थान के डूंगरपुर जिले के एक 18 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। धंबोला थाना क्षेत्र के गांगी गांव निवासी छात्र सुमित बंजारा का शव जब पैतृक गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी के घर के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन की कोशिश की। माहौल गर्माता देख धंबोला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में नामजद 9 आरोपियों में से सात को गिरफ्तार कर लिया है और शेष की आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, गांगी गांव निवासी विक्रम बंजारा पिछले कई वर्षों से गुजरात के वडोदरा में स्क्रैप का कारोबार करते हैं। उनका पुत्र सुमित (18) गांव में ही रहकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रतनपुरा में 11वीं कक्षा में पढ़ रहा था। वह चार दिन पहले ही अपने पिता से मिलने वडोदरा गया था और अगले दिन वापस लौटने वाला था। वडोदरा के वीआईपी रोड स्थित लक्ष्मीनगर निवासी मेघराज उर्फ रमेश बंजारा के साथ करीब एक लाख रुपए के लेन-देन को लेकर एक बैठक चल रही थी।
इसी दौरान भुगतान की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि मेघराज ने अपने 10-15 साथियों को बुलाकर विक्रम के साथ मारपीट शुरू कर दी। पिता से मारपीट देख सुमित, शैलेश और त्रिजेश बीच-बचाव करने पहुंचे। इस दौरान हमलावर सुमित और उसके साथियों को घसीटकर पास ही स्थित एक मोबाइल टावर के पास ले गए।
वहां आरोपी धर्मेश, विनोद, अजय और पंकज सहित अन्य लोगों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में शैलेश की पीठ पर गंभीर घाव आए, वहीं सुमित के चेहरे और पीठ पर चाकुओं से कई वार किए गए। लहूलुहान हालत में सुमित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया। वहीं मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।