
SSC GD Constable Result 2026:कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से जीडी कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 के परिणाम किसी भी समय जारी किए जा सकते हैं। हालांकि, आयोग ने अभी रिजल्ट जारी करने की आधिकारिक तारीख और समय की घोषणा नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एसएससी जीडी कॉन्स्टेबल रिजल्ट सितंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में जारी हो सकता है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही कटऑफ की जानकारी भी सामने आने की उम्मीद है। उम्मीदवार रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर देख सकेंगे।
SSC GD कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन कुल 25,487 पदों पर भर्ती के लिए किया गया था। लिखित परीक्षा 27 अप्रैल से 30 मई 2026 के बीच देशभर के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होने का मौका मिलेगा। इन उम्मीदवारों को पीईटी और पीएसटी के लिए बुलाया जाएगा।
SSC GD कॉन्स्टेबल परीक्षा का आयोजन देश भर के विभिन्न केंद्रों पर 27 अप्रैल से 30 मई 2026 के बीच किया गया था। इस लिखित परीक्षा में सामान्य बुद्धिमत्ता, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, गणित, अंग्रेजी और हिंदी विषयों से कुल 160 अंकों के सवाल पूछे गए थे। परीक्षा के लिए 1 घंटे का समय तय किया गया था। गलत उत्तर देने पर एक चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान था। चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को 21700 रुपये से लेकर 69100 रुपये प्रतिमाह का वेतनमान दिया जाएगा।
जो उम्मीदवार लिखित परीक्षा की कटऑफ को पार करेंगे, उन्हें आयोग द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए बुलाया जाएगा। पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 170 सेंटीमीटर और महिला उम्मीदवारों की 157 सेंटीमीटर होनी अनिवार्य है। पुरुष अभ्यर्थियों को 24 मिनट में 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। वहीं महिला अभ्यर्थियों को 8.5 मिनट में 1.6 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।