
Akanksha Chamola Asexual Claim: नेटफ्लिक्स के शो लॉकअप सीजन 2 में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अभिनेता गौरव खन्ना की पत्नी आकांक्षा चमोला लगातार अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। अब शो के हालिया एपिसोड में उन्होंने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग अब उन्हें काफी ट्रोल कर रहे हैं। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
शो के हालिया एपिसोड में आकांक्षा चमोला साथी कंटेस्टेंट वरुण यादव से बातचीत करती नजर आईं। इसी दौरान उन्होंने कहा कि तलाक की प्रक्रिया से गुजरने के बाद फिलहाल वो किसी नए रिश्ते या शारीरिक संबंध के बारे में सोच भी नहीं रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके जीवन का यह एक अलग दौर है, जिसमें वहोखुद को समय देना चाहती हैं।
आकांक्षा का कहना था कि इंसान की भावनाएं और प्राथमिकताएं समय और परिस्थितियों के साथ बदलती रहती हैं। फिलहाल उनकी मानसिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वो किसी भी तरह के रोमांटिक या शारीरिक रिश्ते में जाना चाहें।
आकांक्षा चमोला इससे पहले भी अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा कर चुकी हैं। शो में उनकी साथी कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने उनकी सेक्शुअलिटी का जिक्र किया था, जिसके बाद आकांक्षा ने स्वीकार किया कि शादी से पहले वह महिलाओं के साथ भी रिलेशनशिप में रह चुकी हैं।
उन्होंने बताया था कि महिलाओं के साथ उन्हें हमेशा एक अलग तरह का भावनात्मक जुड़ाव महसूस हुआ। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उनके कुछ रिश्ते भावनात्मक स्तर तक ही सीमित रहे। आकांक्षा के इस बयान ने भी उस समय सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
आकांक्षा चमोला और अभिनेता गौरव खन्ना ने साल 2016 में शादी की थी। 'लॉक अप 2' के प्रीमियर एपिसोड में आकांक्षा ने खुलासा किया था कि दोनों पिछले करीब 18 महीनों से अलग रह रहे हैं और उनका रिश्ता खत्म होने की ओर बढ़ रहा है।
हालांकि बाद में शो में पहुंचे गौरव खन्ना ने स्थिति को लेकर अलग पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि दोनों ने अलग होने को लेकर बातचीत जरूर की है, लेकिन अभी तक कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। उनके अनुसार, आधिकारिक तौर पर दोनों अब भी पति-पत्नी हैं।
आकांक्षा चमोला के नए बयान के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि अब लोगों का कहना है कि आकांक्षा का गेम प्लान पूरी तरह से फ्लॉप हो चुका है और अब उन्हें शो से एविक्ट कर देना चाहिए। कई यूजर्स ने आकांक्षा को क्रिंज तक का टैग दे दिया है।
फिलहाल 'लॉक अप 2' में आकांक्षा चमोला लगातार अपने निजी जीवन से जुड़े खुलासों की वजह से चर्चा के केंद्र में बनी हुई हैं। आने वाले एपिसोड में उनके और गौरव खन्ना के रिश्ते को लेकर क्या नया मोड़ आता है, इस पर भी दर्शकों की नजर बनी हुई है।