मनोरंजन

रोती-बिलखती हुई आशा भोसले की पोती जनाई को तब्बू ने दिया सहारा, अंतिम दर्शन में रो पड़े सितारे

Asha Bhosle Funeral: दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के बाद आज उनके अंतिम दर्शन के लिए सेलेब्स उमड़ पड़े हैं। इसी बीच उनकी पोती जनाई को अभिनेत्री तब्बू ने सहारा दिया।
2 min read
Apr 13, 2026
Asha Bhosle Funeral
Asha Bhosle Funeral (सोर्स- ANI)

Asha Bhosle Funeral: भारतीय संगीत जगत के लिए 12 अप्रैल 2026 का दिन बेहद भावुक और ऐतिहासिक रहा, जब महान पार्श्व गायिका आशा भोसले ने 92 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन के बाद मुंबई स्थित उनके आवास पर देशभर से कलाकार, खिलाड़ी और करीबी लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान अभिनेत्री तब्बू का भावुक पल खास तौर पर चर्चा में रहा, जब उन्होंने नातिन जनाई भोसले को गले लगाकर ढांढस बंधाया।

अंतिम दर्शन के दौरान भावुक दिखीं तब्बू

मुंबई के लोअर परेल स्थित आवास पर जब आशा भोसले के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, तब वहां शोक का माहौल था। इसी दौरान तब्बू कई बार जनाई को गले लगाती नजर आईं। ये भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इसे एक सच्चे रिश्ते की मिसाल बताया।

वहीं क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर सांत्वना भी दी। इसके अलावा संगीतकार ए आर रहमान और वरिष्ठ अभिनेत्री आशा पारेख भी श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में शामिल रहीं।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

आशा भोसले के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ भारतीय तिरंगे में लपेटा गया। सैनिकों द्वारा उनके ताबूत को सफेद फूलों से सजाया गया और अंतिम दर्शन के लिए हजारों चाहने वाले पहुंचे।

उनका अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ संपन्न किया गया। परिवार की ओर से अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान प्रशंसकों से संयम बनाए रखने की अपील भी की गई।

बीमारी के बाद अस्पताल में हुआ निधन

बताया गया कि आशा भोसले को सीने में संक्रमण और अत्यधिक थकान के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं इलाज के दौरान मल्टी-ऑर्गन फेल्योर की वजह से उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। वो अपने पीछे बेटे आनंद भोसले और नातिन ज़नाई को छोड़ गई हैं।

आखिरी गीत भी बन गया यादगार विरासत का हिस्सा

संगीत के क्षेत्र में आठ दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहीं आशा भोसले ने अपने जीवन के अंतिम दौर में ब्रिटिश बैंड गोरिलाज के साथ ‘द शेडो लाइट’ गीत रिकॉर्ड किया था। इस गीत में इस खास गीत में ग्रफ रीस, अजय प्रसन्ना के साथ सरोद के उस्ताद अमान अली बंगश और अयान अली बंगश की प्रस्तुति ने इसे और भी खास बना दिया। ये गीत अब उनके जीवन की अंतिम संगीत यात्रा का भावुक अध्याय बन गया है।

बहन लता मंगेशकर के साथ संगीत का स्वर्णिम अध्याय

आशा भोसले महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। उन्होंने अपने करियर में ‘दिल चीज़ क्या है’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘मेरा कुछ सामान’ और ‘चुरा लिया है तुमने’ जैसे अनगिनत सुपरहिट गीत गाकर भारतीय सिनेमा को अमर धरोहर दी।

उनकी आवाज सिर्फ गीतों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पीढ़ियों की भावनाओं से जुड़ गई। यही कारण है कि उनकी विदाई ने पूरे देश को भावुक कर दिया। आज भले ही वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका संगीत हमेशा जीवित रहेगा।

Updated on:
13 Apr 2026 01:41 pm
Published on:
13 Apr 2026 01:41 pm