
Govinda Actor Greek King Look: क्रिस्टोफर नोलन की मोस्ट अवेडेट फिल्म 'The Odyssey' रिलीज होते ही दुनियाभर में सुर्खियों में छाई गई है। भारत में भी फिल्म को शानदार ओपनिंग मिली, लेकिन सोशल मीडिया पर इस समय फिल्म से ज्यादा चर्चा बॉलीवुड स्टार गोविंदा की हो रही है। जिसकी वजह है उनका एक पुराना गाना, जिसका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। साथ ही, यूजर्स इस क्लिप की तुलना सीधे 'The Odyssey' से कर रहे हैं और मजेदार मीम्स की बाढ़ आ गई है।
दरअसल, वायरल हो रहा वीडियो गोविंदा की फिल्म 'गैम्बलर' के फेमस गाने 'मेरी मर्जी' का है। इस गाने में गोविंदा एक ऐसे कॉस्ट्यूम में नजर आते हैं, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स ग्रीक योद्धा और राजा के लुक से जोड़ रहे हैं। जैसे ही लोगों ने इस क्लिप को देखा, इंटरनेट पर मजेदार प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया।
एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "The Odyssey पहले गोविंदा को ऑफर हुई थी।" तो वहीं दूसरे ने कहा, "शायद मैंने गलत The Odyssey डाउनलोड कर ली, क्योंकि इसमें तो गोविंदा दिख रहे हैं।" तो कई यूजर्स ने मीम्स शेयर करते हुए लिखा कि हॉलीवुड इस लुक तक अब पहुंचा है, जबकि गोविंदा सालों पहले इसे बड़े पर्दे पर दिखा चुके थे।
इतना ही नहीं, कुछ यूजर्स ने गोविंदा के उस पुराने इंटरव्यू को भी याद किया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि उन्हें जेम्स कैमरून की फिल्म 'Avatar' का ऑफर मिला था। इसी बात को जोड़ते हुए कई लोगों ने लिखा कि अगर गोविंदा 'Avatar' कर सकते थे, तो 'The Odyssey' भी उनके लिए कोई नई बात नहीं होती। हालांकि, ये सब सोशल मीडिया पर मजाक और मीम्स के तौर पर शेयर किया जा रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि इन वायरल पोस्ट्स का फिल्म की कहानी या स्टार्स से कोई सीधा संबंध नहीं है। यह केवल गोविंदा के पुराने गाने के लुक और 'The Odyssey' में दिखाए गए विजुअल स्टाइल के बीच की समानता को लेकर फैंस की क्रिएटिव प्रतिक्रिया है। उधर, मैट डेमन, ऐनी हैथवे, टॉम हॉलैंड, रॉबर्ट पैटिनसन और जेंडाया जैसे स्टार्स से सजी 'The Odyssey' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी शुरुआत की है। फिल्म ने पहले दिन करीब 17.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया और वीकेंड में इसके और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल, फिल्म अपनी सिनेमैटिक सीन्स के लिए सराही जा रही है, लेकिन भारतीय सोशल मीडिया पर गोविंदा का पुराना गाना भी बराबर सुर्खियां बटोर रहा है। फैंस के मजेदार मीम्स ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सोशल मीडिया किसी भी पुराने सीन को नए ट्रेंड में बदलने की ताकत रखता है।