मनोरंजन

3 घंटे इंतजार, फिर लिप-सिंकिंग का आरोप! जैस्मीन सैंडलस पर भड़के फैंस, हुई जमकर ट्रोलिंग

Singer Jasmine Sandlas Delay Hyderabad Concert: हाल ही में सिंगर जैस्मीन सैंडलस को उनके एक इवेंट में लगभग 3 घंटे इंतजार करवाने के बाद लिप-सिंकिंग का आरोप झेलना पड़ा, जिससे उनके फैंस में रोष देखने को मिला। फैंस ने इस घटना पर नाराजगी जताई और सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग की, जिससे जैस्मीन की आलोचना हुई।
2 min read
Jun 28, 2026
Jasmine Sandlas
Jasmine Sandlas (x:@JasmineSandlas)

Singer Jasmine Sandlas Delay Hyderabad Concert: पंजाबी फेमस सिंगर जैस्मिन सैंडलस (Jasmine Sandlas) का हैदराबाद में आयोजित कॉन्सर्ट अब सोशल मीडिया पर सुर्खियों का विषय बन गया है। कल यानी 27 जून को क्वेक एरिना में हुए इस म्यूजिक इवेंट के बाद कई यूजर्स ने अपने अनुभव शेयर करते हुए इवेंट और परफॉर्मेंस दोनों पर सवाल उठाए हैं। बता दें, कुछ ने देरी का आरोप लगाया कि सिंगर निर्धारित समय से करीब 3 घंटे देर से स्टेज पर पहुंचीं, जबकि कई यूजर्स ने परफॉर्मेंस के दौरान लिप-सिंकिंग का भी दावा किया।

हैदराबाद कॉन्सर्ट में सिंगर जैस्मिन सैंडलस पर भड़के यूजर्स

इस कॉन्सर्ट में शामिल हुईं एक फैन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि शो रात 8 बजे शुरू होना था, लेकिन जैस्मिन लगभग 11:20 बजे स्टेज पर आईं। उनका कहना था कि इतनी लंबी देरी के बावजूद न तो दर्शकों को कोई आधिकारिक जानकारी दी गई और न ही देरी के लिए माफी मांगी गई। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि इवेंट के दौरान कई हिस्से प्री-रिकॉर्डेड जैसे लगे और उन्हें लाइव सिंगिंग का अनुभव नहीं मिला।


इतना ही नहीं, फैन ने अपने पोस्ट में इस पूरे कार्यक्रम को अब तक का सबसे निराशाजनक लाइव कॉन्सर्ट बताया। उनका कहना था कि वो जैस्मिन सैंडलस की फैंस हैं, लेकिन इस अनुभव के बाद वो भविष्य में किसी को भी उनके शो की सिफारिश नहीं करेंगी। सिर्फ परफॉर्मेंस ही नहीं, बल्कि इवेंट मैनेजमेंट भी लोगों के निशाने पर रहा। इसमें कई दर्शकों ने दावा किया कि उन्हें घंटों तक इंतजार करना पड़ा और आयोजन स्थल पर मौजूद स्टाफ की ओर से देरी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। साथ ही, कुछ यूजर्स ने मैनेजमेंट की व्यवस्था को खराब बताते हुए इसे बेहद अव्यवस्थित करार दिया, जबकि अन्य ने सोशल मीडिया पर आयोजकों की कार्यशैली की आलोचना की।


जैस्मिन सैंडलस और हैदराबाद कॉन्सर्ट मैनेजमेंट

ये ध्यान देने वाली बात है कि ये सभी आरोप कॉन्सर्ट में शामिल कुछ दर्शकों द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए अनुभवों पर आधारित हैं और अभी तक जैस्मिन सैंडलस और हैदराबाद कॉन्सर्ट के मैनेजमेंट की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

फिलहाल सोशल मीडिया पर इस कॉन्सर्ट को लेकर बहस जारी है। एक ओर कुछ यूजर्स मैनेजमेंट की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी ओर कई फैंस सिंगर की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि इन आरोपों पर जैस्मिन सैंडलस या इवेंट मैनेजमेंट की ओर से कोई आधिकारिक सफाई सामने आती है या नहीं।

Published on:
28 Jun 2026 05:03 pm