
धुरंधर सिंगर जैस्मीन ने जिंदगी पर की बात
Dhurandhar Singer Jasmine Sandlas: अपनी दमदार आवाज और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर जैस्मीन सैंडलस आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। हाल ही में फिल्म 'धुरंधर 2' के गाने 'जाइए सजना' की जबरदस्त सफलता और उसके वायरल लाइव परफॉर्मेंस ने उन्हें फिर से चर्चा में ला दिया है। हर कोई सिंगर के दीवाने हो रहे हैं। लोग उन्हें शानदार बता रहे हैं, लेकिन चकाचौंध भरी इस दुनिया के पीछे जैस्मीन ने कितने अंधेरे और दर्द भरे दिन देखे हैं, इसका खुलासा उन्होंने खुद किया है। उन्होंने अपनी जिंदगी के उस काले सच से पर्दा हटाया है जो आज तक उनके फैंस को पता नहीं थे। वह इस दौरान खूब रोईं भी...
जैस्मीन सैंडलस ने रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में खास बातचीत की। इस दौरान जैस्मीन ने अपनी जिंदगी के उन पन्नों को पलटा, जिनसे दुनिया अब तक अनजान थी। जैस्मीन ने बताया कि जब वह सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही थीं और हर तरफ उनका नाम हो रहा था, उसी दौरान वह अंदर से पूरी तरह टूट चुकी थीं। उन्होंने कहा, "एक तरफ मैं मशहूर हो रही थी, लेकिन दूसरी तरफ मेरे परिवार में काफी समस्याएं चल रही थीं। मैंने अपने पिता को खो दिया था। उस वक्त की उथल-पुथल को झेलने के लिए मैंने शराब का सहारा लिया।"
जैस्मीन ने बड़ी ईमानदारी से स्वीकार किया कि पिछले 2-3 सालों में उन्होंने जरूरत से ज्यादा शराब पी। उन्होंने कहा, "मुझे अपने उन फैसलों पर आज अफसोस होता है, लेकिन सच कहूं तो उस वक्त मुझे वही एक सहारा लग रहा था। वही एक समाधान था।"
इंटरव्यू के दौरान जैस्मीन काफी भावुक भी नजर आईं जब उन्होंने अपने बचपन और माता-पिता के साथ अपने रिश्तों पर बात की। उन्होंने कहा कि माता-पिता कई बार अनजाने में बच्चों का दिल दुखा देते हैं, जिसका असर पूरी जिंदगी रहता है। जैस्मीन के मुताबिक, उन्हें बचपन में अपने माता-पिता से कई बार 'हार्टब्रेक' मिला। उन्होंने कहा, "मैं उनसे प्यार करती हूं, लेकिन जब एक बच्चे का दिल टूटता है, तो वह टूट ही जाता है। उस टूटन की वजह से मन में एक नाराजगी हमेशा बनी रही।"
जैस्मीन ने एक गहरी बात शेयर करते हुए कहा कि जब आपके पास कोई ऐसी सुरक्षित जगह नहीं होती जिसे आप 'घर' कह सकें, तो आप पूरी दुनिया में पागलों की तरह अपनापन तलाशते हैं। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी बस उसी एक सुरक्षित अहसास और घर की तलाश में बिता दी।
जैस्मीन का सफर किसी फिल्म की कहानी जैसा ही है। जलंधर में जन्मी और कैलिफोर्निया में पली-बढ़ी जैस्मीन ने 2008 में 'मुस्कान' गाने से अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्हें असली पहचान 2014 में सलमान खान की फिल्म 'किक' के गाने 'यार ना मिले' से मिली थी, जिसे उन्होंने यो यो हनी सिंह के साथ मिलकर गाया और लिखा था। आज वह पंजाबी और बॉलीवुड इंडस्ट्री की लीडिंग सिंगर्स में से एक हैं, लेकिन उनकी यह आपबीती बताती है कि हर चमकती चीज के पीछे संघर्ष की एक लंबी दास्तान होती है।
Published on:
20 Apr 2026 08:56 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
