
Pankaj Bhadouria On Breast Cancer Diagnosis: ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहीं मास्टरशेफ विजेता पकंज भदौरिया का अब दर्द छलक पड़ा है। उन्होंने अस्पताल से एक वीडियो शेयर करते हुए सभी को एक मैसेज देने की कोशिश की है। पंकज भदौरिया ने लाखों महिलाओं तक अपने मैसेज को पहुंचाने की कोशिश की है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
हाल ही में पंकज भदौरिया ने खुलासा किया कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था। हालांकि राहत की बात यह रही कि बीमारी शुरुआती चरण में ही पकड़ में आ गई, जिसके बाद उनकी सफल सर्जरी की गई। अब वो तेजी से स्वस्थ हो रही हैं और अपने अनुभव को दूसरों के लिए जागरूकता का माध्यम बना रही हैं।
पंकज भदौरिया भारतीय कुकिंग जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। मास्टरशेफ इंडिया जीतने के बाद उन्होंने लाखों लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई। उनकी रेसिपी, कुकिंग टिप्स और टीवी पर मौजूदगी ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। ऐसे में जब उनके स्वास्थ्य को लेकर खबर सामने आई तो उनके प्रशंसकों के बीच चिंता की लहर दौड़ गई।
सर्जरी के बाद साझा किए गए एक वीडियो संदेश में पंकज ने उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने मुश्किल समय में उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि देशभर से मिले प्यार और शुभकामनाओं ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखा। यही सकारात्मक ऊर्जा उनके इलाज और रिकवरी में भी मददगार साबित हुई।
अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि अगर नियमित स्वास्थ्य जांच न कराई जाती तो शायद बीमारी का पता इतनी जल्दी नहीं चल पाता। यही कारण है कि उन्होंने खासतौर पर महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उनका मानना है कि अक्सर लोग ये सोचकर जांच टाल देते हैं कि ऐसी बीमारी उन्हें नहीं हो सकती, लेकिन हकीकत इससे अलग है।
पंकज ने महिलाओं से आग्रह किया कि वो नियमित मेडिकल चेकअप के साथ-साथ स्वयं भी समय-समय पर शरीर में होने वाले बदलावों पर ध्यान दें। विशेषज्ञों के अनुसार, शुरुआती चरण में कैंसर की पहचान होने पर इलाज की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।