मनोरंजन

दुर्लभ बीमारी के चलते Pawan Kalyan के नन्हे फैन की हुई मौत, अभिनेता को लगा सदमा, बोले- इस खबर ने झकझोर दिया

Pawan Kalyan Fan Niranjan Passed Away: साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण के नन्हे फैन की दुर्लभ बीमारी के चलते निधन हो गया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
3 min read
Jul 08, 2026
Pawan Kalyan Fan Niranjan Death News
Pawan Kalyan Fan Niranjan Death News (सोर्स- @@amalapurampkfc)

Pawan Kalyan Fan Niranjan Death News: आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम और अभिनेता पवन कल्याण के नन्हे प्रशंसक निरंजन का निधन हो गया है। दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी (रेयर जेनेटिक डिसऑर्डर) से लंबे समय से जूझ रहे निरंजन की मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई। पिछले कुछ समय में अपनी हिम्मत और जज्बे से हजारों लोगों का दिल जीतने वाले निरंजन अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके निधन पर फैंस भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

पवन कल्याण ने कुछ दिन पहले की थी मुलाकात

निरंजन की सबसे बड़ी इच्छा अपने पसंदीदा अभिनेता और नेता पवन कल्याण से मिलने की थी। हाल ही में पवन कल्याण खुद हनमकोंडा स्थित उनके घर पहुंचे थे। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने निरंजन और उनके परिवार के साथ काफी समय बिताया। उन्होंने बच्चे को गले लगाया, उसके माता-पिता से बातचीत की और परिवार की आर्थिक मदद भी की।

पवन कल्याण ने फैन की मौत पर किया पोस्ट

पवन कल्याण ने लिखा, 'निरंजन के निधन की खबर ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया है। कुछ दिन पहले ही मैं हनमकोंडा स्थित उसके घर गया था। गंभीर बीमारी से जूझने के बावजूद उसके चेहरे की मुस्कान और हिम्मत आज भी मेरी यादों में ताजा है।'

उन्होंने आगे कहा, 'इतनी कम उम्र में भी निरंजन ने जिस साहस और आत्मविश्वास के साथ जिंदगी का सामना किया, वह हमेशा प्रेरित करेगा। मैं उसके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस अपूरणीय दुख को सहने की शक्ति दें। निरंजन की मुस्कान, साहस और प्यार हमेशा मेरे दिल में जिंदा रहेगा।'

पवन कल्याण ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि आगे भी हरसंभव सहायता की जाएगी। उन्होंने तिरुमला का प्रसाद भी भेंट किया और निरंजन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। उस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे।

दुर्लभ बीमारी से बहादुरी से लड़ रहा था निरंजन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, निरंजन लंबे समय से एक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी से जूझ रहा था। मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद उसने कभी हिम्मत नहीं हारी। उसकी मुस्कान और सकारात्मक सोच ने हजारों लोगों को प्रेरित किया। यही वजह है कि उसके निधन की खबर ने पवन कल्याण के प्रशंसकों के साथ-साथ आम लोगों को भी भावुक कर दिया।

सोशल मीडिया पर फैंस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

निरंजन के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि संदेशों की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने उसकी मुस्कान, हौसले और सपनों को याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा किए। एक यूजर ने लिखा कि छोटा सा योद्धा अब इस दुनिया में नहीं रहा, जबकि दूसरे ने उसकी बहादुरी को हमेशा याद रखने की बात कही।

एक दूसरे प्रशंसक ने लिखा कि 'ओजी 2' की रिलीज के दिन निरंजन को श्रद्धांजलि दी जाएगी और वह हमेशा सभी के दिलों में जिंदा रहेगा। कई लोगों ने 'रेस्ट इन पीस निरंजन' लिखकर उसे अंतिम विदाई दी।

'ओजी 2' को लेकर भी बढ़ी फैंस की उत्सुकता

इसी बीच पवन कल्याण की आगामी फिल्म 'दे कॉल हिम ओजी 2' भी लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के पहले भाग को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और अब इसके सीक्वल को लेकर भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि, फिलहाल सोशल मीडिया पर फिल्म से ज्यादा चर्चा निरंजन की यादों और पवन कल्याण के साथ उनकी भावुक मुलाकात की हो रही है।

Updated on:
08 Jul 2026 03:37 pm
Published on:
08 Jul 2026 03:32 pm