
Rahul Arunoday Banerjee Death Revelation: बंगाली फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का 43 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि ओडिशा में एक टीवी शो की शूटिंग के दौरान समुद्र में डूबने से उनकी जान चली गई। इस घटना ने पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल उस समय बंगाली टीवी शो 'भोलेबाबा पार करेगा की शूटिंग कर रहे थे। शूटिंग खत्म होने के बाद वह समुद्र किनारे गए और अकेले ही पानी में उतर गए। बताया जा रहा है कि उस वक्त यूनिट के कुछ सदस्यों ने उन्हें पानी में जाने से मना भी किया था, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी। इसी दौरान अचानक वह पानी में किसी चीज में उलझ गए और बाहर नहीं निकल पाए।
शो की प्रोड्यूसर लीना गंगोपाध्याय ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट में किसी भी तरह का समुद्र वाला सीन शामिल नहीं था। यूनिट के कई लोगों ने राहुल को अकेले पानी में जाने से रोका था, लेकिन वो नहीं माने। उन्होंने ये भी बताया कि घटना के समय वह खुद मौके पर मौजूद नहीं थीं और इस दुखद खबर से वह पूरी तरह टूट चुकी हैं।
इस हादसे के बारे में अभिनेता दिगांता बागची ने भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि शूटिंग खत्म होने के बाद राहुल अकेले पानी में चले गए थे और अचानक लोगों ने शोर मचाना शुरू किया कि वह डूब रहे हैं। इसके बाद टीम के लोगों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राहुल के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और अभिनेत्री प्रियंका सरकार और 13 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। उनके अचानक चले जाने से परिवार ही नहीं बल्कि उनके फैंस भी गहरे सदमे में हैं।
करियर की बात करें तो राहुल ने साल 2008 में आई फिल्म 'चिरोदिनी तुमी जे आमार' से खास पहचान बनाई थी। इससे पहले वो टीवी शो 'खेला' के जरिए दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुके थे। थिएटर बैकग्राउंड से आने वाले राहुल अपने पिता के थिएटर ग्रुप बिजॉयगोर आत्मप्रकाश से भी जुड़े रहे, जिसने उनके अभिनय को मजबूत आधार दिया।
उन्होंने अपने करियर में 'मेघे ढाका तारा', 'ब्योमकेश फिरे एलो' और 'आबार कंचनजंघा' जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया। हाल ही में उनकी आने वाली साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'ऑटोबी' की घोषणा भी हुई थी, जिसमें वह एक अहम भूमिका निभाने वाले थे। लेकिन फिल्म रिलीज से पहले ही उनका यूं अचानक दुनिया को अलविदा कहना इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति बन गया है।