
Toxic viral video: यश की फिल्म 'Toxic' रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर जहां कुछ दर्शक एक्टर की स्क्रीन प्रेजेंस और एक्शन की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कई यूजर्स इसकी कहानी और स्लो मोशन सीन्स को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। अब एक यूजर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह फिल्म की कहानी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से CBI जांच कराने की मांग करता नजर आया।
वायरल वीडियो में यूजर फिल्म देखने के बाद बेहद नाराज नजर आ रहा है। उसने दावा किया कि उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक लेटर लिखा है और फिल्म की कहानी को समझने के लिए उसकी सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि फिल्म की कहानी इतनी उलझी हुई है कि थिएटर में बैठकर दर्शक अपने बाल नोचने और कपड़े फाड़ने पर मजबूर हो जाएंगे। उसने फिल्म के लंबे स्लो मोशन सीन्स को लेकर भी खूब मजाक उड़ाया। उसने कहा, "50 किलो स्लो मोशन, वो मार रहा है स्लो मोशन, वो आ रहा है स्लो मोशन, बात-बात पर कोई किसी को भी सुना रहा है।" इसके साथ ही उसने फिल्म से जुड़े खर्च और कहानी को लेकर भी कई सवाल उठाए।
यूजर यहीं नहीं रुका। वीडियो में उसने फिल्म से जुड़े लोगों और नेशनल अवॉर्ड को लेकर भी तंज कसा। उसने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें तीन नेशनल अवॉर्ड दिए हैं, उनसे वे अवॉर्ड वापस लेने चाहिए।
हालांकि, वायरल वीडियो में यूजर की ओर से किए गए ये दावे और टिप्पणियां उसकी व्यक्तिगत प्रतिक्रिया हैं। इन्हें फिल्म या इससे जुड़े आधिकारिक तथ्यों के तौर पर नहीं देखा जा सकता।
इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स भी जमकर रिएक्ट कर रहे हैं। एक यूजर ने मजाक में पूछा, "ये सूर्यकुमार का भाई है क्या?" वहीं दूसरे ने लिखा कि शायद वह किसी दूसरी उम्मीद के साथ फिल्म देखने गया था।
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "इंटरवल के पहले ही बाहर आ गए हम तो।"इस तरह फिल्म की कहानी को लेकर नाराज दर्शक के वीडियो पर भी सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
'टॉक्सिक' को लेकर दर्शकों की राय सोशल मीडिया पर बंटी हुई नजर आ रही है। कुछ फैंस फिल्म के एक्शन और यश के अंदाज को पसंद कर रहे हैं, जबकि कुछ दर्शक कहानी और फिल्म की लंबाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल, इस वायरल वीडियो ने फिल्म की कहानी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बहस को और तेज कर दिया है।