मनोरंजन

अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की आखिरी कॉल से खुली उस रात की कहानी? CBI की FIR में दहेज हत्या का केस दर्ज

Twisha Sharma Death Case: अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत मामले में अब लगातार नए अपडेट्स सामने आ रहे हैं। इस मामले में अब सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
3 min read
May 26, 2026
Twisha Sharma Death Case
Twisha Sharma Death Case (सोर्स- एक्स)

Twisha Sharma Death Case: मध्य प्रदेश का चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामला अब देश के सबसे बड़े जांच एजेंसी के हाथों में पहुंच चुका है। भोपाल में हुई इस रहस्यमयी मौत ने न सिर्फ पूरे प्रदेश को झकझोर दिया, बल्कि अब इसकी गूंज सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुकी है। मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं और अब सीबीआई की FIR में दर्ज कुछ बातें लोगों को हैरान कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि मौत से कुछ मिनट पहले ट्विशा ने अपनी मां को फोन किया था। उस कॉल में जो कुछ हुआ, वही अब जांच का सबसे बड़ा हिस्सा बनता जा रहा है।

आखिरी कॉल में क्या हुआ था? (Twisha Sharma Death Case)

परिवार के मुताबिक 12 मई की रात करीब 9 बजकर 41 मिनट पर ट्विशा शर्मा ने अपनी मां को व्हाट्सऐप कॉल किया था। बातचीत सामान्य तरीके से शुरू हुई, लेकिन अचानक पीछे से तेज आवाज सुनाई देने लगी। दावा है कि दूसरी तरफ से पति समर्थ सिंह की आवाज आई, जो गुस्से में पूछ रहे थे कि वो किससे बात कर रही है।

इसके कुछ सेकंड बाद कॉल अचानक कट गई। परिवार ने लगातार फोन मिलाने की कोशिश की, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। करीब एक घंटे बाद फोन उठा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

परिवार का कहना है कि रात लगभग 10:35 बजे फोन रिसीव हुआ और दूसरी तरफ से सिर्फ इतना कहा गया कि “वो अब इस दुनिया में नहीं रही।” इसके बाद फोन तुरंत काट दिया गया। यही बातचीत अब पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी मानी जा रही है।

आत्महत्या या साजिश?

शुरुआत में इस मौत को आत्महत्या बताया गया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया। रिपोर्ट में शरीर पर चोटों और निशानों का जिक्र होने लगा, जिसके बाद परिवार ने हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए।

परिजनों का दावा है कि शादी के बाद से ही ट्विशा मानसिक दबाव में थीं। उन पर आर्थिक बोझ डाला जाता था और उन्हें लगातार परेशान किया जाता था। जांच में जबरन गर्भपात जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं।

CBI ने दर्ज की FIR

अब इस मामले में सीबीआई ने आधिकारिक FIR दर्ज कर ली है। जांच एजेंसी ने पति समर्थ सिंह और पूर्व जिला जज सास गिरिबाला के खिलाफ दहेज हत्या, प्रताड़ना और क्रूरता से जुड़े मामलों की जांच शुरू कर दी है।

यह केस पहले भोपाल के कटारा हिल्स थाने में दर्ज था, लेकिन बढ़ते विवाद और जनदबाव के बाद इसे CBI को सौंप दिया गया। एजेंसी की स्पेशल क्राइम यूनिट भोपाल पहुंच चुकी है और स्थानीय पुलिस से केस से जुड़े दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले चुकी है।

सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला

ट्विशा शर्मा केस ने तब और ज्यादा तूल पकड़ लिया जब सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ने इस मामले पर स्वतः संज्ञान लिया। अदालत ने निष्पक्ष जांच की जरूरत बताते हुए CBI जांच को जरूरी कदम माना।

सुप्रीम कोर्ट ने मीडिया और दोनों पक्षों को भी चेतावनी दी कि कोई ऐसा बयान न दिया जाए जिससे जांच प्रभावित हो। कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की।

शादी के कुछ महीनों बाद हुई मौत

रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार की मांग पर AIIMS दिल्ली की मेडिकल टीम से दूसरा पोस्टमार्टम भी कराया गया।

इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया से लेकर राष्ट्रीय मीडिया तक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ट्विशा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी हुई है। अब सबकी नजर CBI जांच पर टिकी है।

Updated on:
26 May 2026 08:30 am
Published on:
26 May 2026 08:30 am