Nagar nigam ayodhya: ऋषिकेश उपाध्याय के अतिरिक्त लगभग दर्जनभर अन्य दावेदार भी टिकट की दौड़ में हैं।
फैजाबाद. लंबे इंतजार के बाद आने वाले कुछ घंटों में ही भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में चल रहे नगर निकाय चुनाव में नगर निगम में मेयर पद के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। लगातार चल रही पार्टी हाईकमान की बैठक में प्रदेश के अलग-अलग नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों का चयन लगभग पूरा हो चुका है। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अयोध्या नगर निगम से भारतीय जनता पार्टी ऋषिकेश उपाध्याय को अपना उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि अभी तक पार्टी द्वारा इसकी अधिकृत घोषणा नहीं की गई है लेकिन विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मूल रूप से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े ऋषिकेश उपाध्याय अयोध्या नगर निगम से भारतीय जनता पार्टी का चेहरा बना सकती हैं।
समाजवादी पार्टी ने एक किन्नर को टिकट देकर अयोध्या की लड़ाई को बना दिया है बेहद रोचक
आपको बता दें अयोध्या नगर निगम से ऋषिकेश उपाध्याय के अतिरिक्त लगभग दर्जनभर अन्य दावेदार भी टिकट की दौड़ में हैं। लेकिन अभी तक ऋषिकेश उपाध्याय इस दौड़ में सबसे आगे निकलते हुए नजर आ रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जल्द ही भारतीय जनता पार्टी नगर निगम में अपने मेयर पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है । गौरतलब है कि इस बार अयोध्या नगर निगम का चुनाव बेहद रोचक माना जा रहा है । समाजवादी पार्टी ने निर्दल उम्मीदवार के तौर पर विधानसभा और नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुकी किन्नर गुलशन बिंदू को अपना उम्मीदवार बनाया है। बताते चलें कि पूर्व में दोनों चुनावों में गुलशन बिंदू ने बेहद मजबूती से अपनी लड़ाई लड़ी है जबकि वह निर्दल उम्मीदवार के तौर पर प्रत्याशी थी ।इस बार सपा की साइकिल की सवारी करने के बाद गुलशन बिंदु की सशक्त दावेदारी मानी जा रही है । ऐसे में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रत्याशी का चयन भी बेहद महत्वपूर्ण है. जाहिर तौर पर पहली बार अयोध्या में हो रहे नगर निगम चुनाव में इतिहास का हिस्सा बनने के लिए सपा और भाजपा कांटे की टक्कर लेंगी।