
फैजाबाद : इन दिनों देश भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को विपक्षी दल घेरने में कोई चूक नहीं कर रहे हैं . देश के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग शहरों में अलग-अलग तरीके से कांग्रेस , समाजवादी पार्टी ,बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल सहित वामपंथी संगठन केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों ले रहे हैं और पेट्रोल और डीजल की मूल्य वृद्धि को वापस लेने की मांग कर रहे हैं . इसी कड़ी में गुरुवार को फैजाबाद में भी कांग्रेस की जिला इकाई के आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विरोध जुलूस निकाला और रिकाबगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया .जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी फैजाबाद के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध जताया .प्रदर्शन में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा ,पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, कांग्रेस नेता सुनील पाठक सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया .
फैजाबाद में कांग्रेसियों ने किया ज़ोरदार प्रदर्शन कहा सिर्फ जुमलेबाज़ी
विरोध प्रदर्शन के दौरान राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बीते 4 वर्षों में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने सिर्फ जुमलेबाजी कर आम जनता को ठगने का काम किया है .पेट्रोल और डीजल की कीमतें कभी भी भारत में इतनी नहीं बढ़ी .जब पूरे देश में एक टैक्स व्यवस्था लागू करते हुए जीएसटी लागू कर दी गई है आखिरकार पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे में क्यों नहीं लाया जा रहा . कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश और देश की जनता को ठगने का काम किया है . अपने मेनिफेस्टो में लंबे चौड़े वादे करने के बाद सभी वादों से मोदी सरकार मुकर गई और बीते 4 साल का कार्यकाल पूरी तरह से विफल रहा है . मोदी सरकार की सभी नीतियां फेल रही है . देश की गरीब जनता भुखमरी की कगार पर है आम जनता परेशान है और सिर्फ और सिर्फ जुमलेबाजी और वादे किए जा रहे हैं . सरकार की कोई योजना धरातल पर नहीं दिखाई दे रही है . प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसियों ने कमला नेहरू भवन कांग्रेस कार्यालय से विरोध मार्च निकालते हुए रिकाबगंज चौराहे पर जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध जताया .