इस बार भरत कुंड और गुप्तार घाट की सीढ़ियों पर भी जलेंगे दीपक
फैजाबाद : अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव के कार्यक्रम को और भव्य एवं आकर्षक बनाने हेतु सांसद लल्लू सिंह की अध्यक्षता में जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट सभागार मेें बैठक की । बैठक में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, भाजपा के जिला अध्यक्ष अवधेश पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिलाधिकारी डा0 अनिल कुमार, एसएसपी जोगेन्द्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक आनन्द, एडीएम सिटी विन्ध्यवासिनी राय, एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, सीएमओ एके गुप्ता, संस्कृति निदेशक वाईपी सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बीपी सिंह सहित सिंचाई, विद्युत, पीडब्लूडी, वन, उद्यान, परिवहन, पुलिस, शिक्षा के आला अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के उच्च स्तर के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी डा0 अनिल कुमार ने मिनट टू मिनट आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी विस्तार में देते हुए जन प्रतिनिधियों तथा सांसद एवं विधायक से सुझाव मांगे।
जिला प्रशाशन के अधिकारियों के साथ सांसद विधायक और जनप्रतिनिधियों ने बैठक में तय की रूपरेखा
बैठक में सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि झांकी/शोभा यात्रा जो साकेत महाविद्यालय से निकलकर बन्धा तिराहा होते हुए राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर रामकथा संग्रहालय के सामने खड़ी होगी। झांकी पर विराजमान भगवान के स्वरूप का स्वागत स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, बच्चों द्वारा पुष्प वर्षा एवं आरती कर की जायेगी। इस कार्यक्रम में अयोध्या के जनमानस की सहभागिता पूर्ण रूप से रहेगी। जगह-जगह जन सामान्य व्यापारी एवं स्वयं सेवी संगठनों द्वारा पानी पिलाने की व्यवस्था की जा रही है। पूरे मार्ग पर कोरिया के प्रथम महिला राष्ट्रपति की पत्नी का अयोध्या की जनता भव्य स्वागत करेगी। अयोध्यावासी दोनो देशों का झण्डा लेकर कोरिया से आई मुख्य अतिथि का जोरदार स्वागत करेगें। सांसद ने बताया कि इस सन्दर्भ में विभिन्न संगठनों की लगातार बैठक कर दीपोत्सव आयोजन में चार चाँद लगाने हेतु अयोध्यावासी जिला प्रशासन के सहयोग के लिए हर तरह से तैयार है।
अयोध्या में जगह जगह होर्डिंग और तोरण द्वार करेंगे आगंतुकों का स्वागत
विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता ने बैठक में कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार इस तरह के आयोजन कराकर जहां अपने देश की संस्कृति को संयोजने का कार्य कर रही है वहीं प्रदेश में पर्यटन को बढ़ाने के साथ-साथ अयोध्या की ख्याति को विश्व पटल पर पहुंचाने का कार्य किया है। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश सरकार, शासन एवं प्रशासन ने दीपोत्सव को महोत्सव के रूप में मनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे है नगर निगम अयोध्या हर तरह का सहयोग प्रदान करेगी। जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय उर्फ बादल ने अयोध्या से जुड़े स्थलो, दशरथ समाधी, श्रृंगाी ऋषि आश्रम, भरत कुण्ड, गुप्तार घाट, सुरजकुण्ड पर भी सूचना विभाग द्वारा होर्डिंग्स लगाने की बात कही वहीं महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने दीपोत्सव कार्यक्रम को देखने आने वाले दो पहिया वाहनों का अनावश्यक न रोकने तथा कार्यक्रम के निकट ही दो पहिया स्टैण्ड बनाने का सुझाव दिया।
इस बार भरत कुंड और गुप्तार घाट की सीढ़ियों पर भी जलेंगे दीपक
जिलाधिकारी डा0 अनिल कुमार ने सांसद जी के सुझाव पर भरतकुण्ड में 11 हजार, गुप्तारघाट पर 5 हजार एक सौ दिये जलाने हेतु व्यवस्था के निर्देश अवध विश्व विद्यालय से आये प्रतिनिधि आशीष को दिये। उन्होनें बताया कि उपरोक्त के अतिरिक्त नये घाट की सीढ़ियो पर 11 हजार सरयू नदी के अन्दर 11 हजार, राम की पैड़ी पर 3 लाख दिये जलायें जायेगें।बताते चलें कि मुख्यमंत्री एवं अतिथिगण द्वारा राम की पैड़ी पर एक विशाल दीप को जलाकर दीपोत्सव कार्यक्रम की शुरूआत होगी | जिलाधिकारी ने बताया कि दीपोत्सव कार्यक्रम को भव्य बनाने हेतु कार्यक्रम में कुछ बदलाव किये जा रहे, कुछ कार्यक्रम को जोड़ा जा रहा है।