फैजाबाद

माँ भगवती की विसर्जन यात्रा में दिख रहा आस्था और उल्लास का संगम

फैजाबाद में सवा सौ प्रतिमाओं का काफिला विसर्जन यात्रा के रूप में सड़कों पर झूम रहा है पूरा शहर
2 min read
• •
Updated: 19 Oct 2018, 3:44 PM IST
Faizabad Navratra Durga pooja Visarjan 2018
Faizabad Ki Durga Pooja

फैजाबाद : शुक्रवार की पूर्वाहन फैजाबाद में मां जगत जननी की विशाल विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई | फैजाबाद शहर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान से दोपहर के करीब 12:00 बजे निकली यह शोभायात्रा फतेहगंज ,सुभाष नगर, चौक के रास्ते रिकाबगंज होते हुए सरयू तट के लिए रवाना हुई | परंपरागत आयोजन के अनुसार 9 दिनों तक मां दुर्गा की विशेष आराधना पूजा करने के बाद दशमी तिथि पर प्रत्येक वर्ष फैजाबाद शहर के जैसी मैदान से यह शोभायात्रा निकाली जाती है | नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए यह शोभायात्रा सरयू तट तक पहुंचती है | जिसके बाद निर्मली कुंड में प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया जाता है | आयोजनों की कड़ी में इस वर्ष भी मां भगवती की विशाल विसर्जन शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से बेहद हर्ष और उल्लास के साथ नाचते गाते निकाली गई | शोभा यात्रा की अगुवाई कर रही केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की झांकी जहां विशेष आकर्षण का केंद्र रही, वहीं राधा कृष्ण और भगवान शिव पार्वती का रूप धरे कलाकारों का भाव नृत्य ने समा बांध दिया |

फैजाबाद में सवा सौ प्रतिमाओं का काफिला विसर्जन यात्रा के रूप में सड़कों पर झूम रहा है पूरा शहर

मां भगवती की इस विशाल विसर्जन शोभायात्रा में तकरीबन सवा सौ देवी प्रतिमाएं शामिल हैं | इसके अलावा तकरीबन 75 से अधिक हाई-फाई डीजे सिस्टम पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर मां भक्त थिरक रहे हैं | शोभा यात्रा का स्वागत करने के लिए जगह जगह पर फूल माला लेकर मां भक्त खड़े हुए हैं | वहीं इस विशाल विसर्जन शोभायात्रा में शामिल भक्तों को प्रसाद वितरित करने के लिए तरह-तरह के स्टाल लगाए गए हैं | कहीं पर पूरी सब्जी तो कहीं हलवा चना वितरित किया जा रहा है | इस वर्ष भी रिकाबगंज रोड पर चलने वाले भंडारे आकर्षण का केंद्र है, जहां पर नान रोटी पनीर की सब्जी के अलावा ब्रेड पकौड़ा जलेबी इमरती जैसे पकवान वितरित किए जा रहे हैं | यह आयोजन देर रात तक चलेगा और मां की प्रतिमाओं का विसर्जन कार्यक्रम संपन्न होगा | पूरी विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी फैजाबाद डॉ अनिल कुमार पाठक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ डटे हुए हैं |

Published on: