
फैजाबाद . उत्तर प्रदेश में चल रहे नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में जुटी यूपी पुलिस को एक अहम् कामयाबी मिली है . फैजाबाद पुलिस ने अवैध रूप से असलहा बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है और बड़ी मात्रा में न सिर्फ अवैध असलहे ,असलहे बनाने का हथियार बरामद किया है बल्कि एक हिस्ट्री शीटर अपराधी को पकड़ने में भी कामयाबी हासिल की है . सोमवार को फैजाबाद पुलिस लाइन में पत्रकारों से बात करते हुए एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने में सफलता मिली है. कोतवाली बीकापुर पुलिस ने क्षेत्र के बछरामपुर के ईट भट्टे के पास झाड़ियों में अवैध असलहे बन रहे की सूचना मिलने पर छापा मारा जिसमें दो निर्मित असलहा व आधा दर्जन से अधिक अर्ध निर्मित असलहो के साथ साथ भारी मात्रा में असलहे बनाने के उपकरण भी बरामद हुए है.
सुल्तानपुर जिले का हिस्ट्रीशीटर रच रहा था साजिश बड़े पैमाने पर होने वाली थी अवैध असलहों की डिलीवरी
पुलिस ने मुख्य आरोपी मनमोहन विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि असलहो को खरीदने वाले आठ डीलरों को पुलिस ने चिन्हित किया है जिनकी तलाश जारी है. इन असलहो की बिक्री लगभग 1500 से 2000 रुपयो के बीच होती थी लेकिन निकाय चुनाव की घोषणा होने के बाद ही इन के दाम दुगने हो गए,पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि निकाय चुनाव को प्रभावित करने के लिए इन असलहो का उपयोग होना था लेकिन समय रहते ही पुलिस ने अवैध असलहा की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है .आरोपी मनमोहन विश्वकर्मा पर सुल्तानपुर में 15 मुकदमे दर्ज हैं और यह सुल्तानपुर के कोतवाली देहात का हिस्ट्रीशीटर भी है .निश्चित रूप से निकाय चुनाव के पहले इस अवैध असलहा फैक्ट्री के पकडे जाने से एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है जाहिर तौर पर अराजक तत्व इस फैक्ट्री से बने असलहों का दुरुपयोग चुनाव के दौरान कर सकते थे .