फैजाबाद

रामलीला के मंच पर एखलाक का शिव तांडव और सैफ कैफ का संवाद सुनने उमड़ती है भीड़

मुमताज़ नगर से कुछ दूर अयोध्या में सन 92 में हुए मंदिर मस्जिद दंगे से भी नहीं पड़ा गंगा जमुनी तहजीब के इस ताने बाने पर असर
3 min read
• •
Updated: 15 Oct 2018, 6:59 PM IST
Ramleela,ram leela,Ram Leela Programm,फैजाबाद समाचार,दशहरा 2018,ramleela ke rang,ramleela 2018,ramleela in up,
Mumtaznager Faizabad Ki ramleela Ke Rang


अनूप कुमार
फैजाबाद : तमाम संस्कृतियों परंपराओं विविध धर्म पंथ समुदाय की साझी विरासत को समेटे हमारा देश पूरी दुनिया में एक मिसाल के तौर पर जाना जाता है, जहां पर एक साथ कई धर्म संप्रदाय के लोग साथ रहते हैं और एक दूसरे के पर्व त्योहार और परंपराओं को निभाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं | देश की आजादी के बाद बीते कुछ दशकों में सियासी नफे नुकसान के लिए सियासतदानो ने भले ही हिंदू और मुस्लिम को आमने सामने खड़ा कर दंगे फसाद कराए हों , बावजूद इसके इस देश की गंगा जमुनी विरासत के ताने-बाने पर इसका कुछ खास असर नहीं दिखा है | ऐसा इसलिए है क्योंकि हमारे इसी समाज में एखलाक, सैफ और कैफ जैसे लोग भी रहते हैं ,जो भले ही एक ऐसे धर्म से आते हैं जहां पर बुत परस्ती और पूजा पाठ परंपरा के खिलाफ है | बावजूद इसके हर साल फैजाबाद के मुमताज नगर की मशहूर रामलीला गंगा जमुनी तहजीब की साझी विरासत को नमूदार करती है |

फैजाबाद के मुमताजनगर की रामलीला कमेटी में अध्यक्ष से लेकर मेला प्रबंधक और कलाकार भी हैं मुस्लिम समुदाय से

इस साल भी दशहरे के मौके पर देशभर में जगह जगह पर रामलीला के मंच सजे हैं लेकिन आज हम उस रामलीला के मंच का जिक्र कर रहे हैं जो बेहद खास है | फैजाबाद लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहर से सटे मुमताज नगर में एक ऐसी रामलीला का आयोजन होता है . जिस कमेटी के अध्यक्ष भी मुस्लिम समुदाय के हैं मेला प्रबंधक भी मुस्लिम समुदाय के हैं और इस रामलीला में अहम किरदार निभाने वाले पात्र भी मुस्लिम समुदाय से आते हैं वहीँ हिन्दू समुदाय के लोग भी इस कमेटी में पदाधिकारी हैं और मंचन में भी शामिल होते हैं | फैजाबाद के मुमताज नगर में बीते 53 साल से मुमताज नगर के रामलीला मैदान में रामलीला रामायण समिति के तत्वाधान में रामलीला का आयोजन होता है | इस साल भी 14 अक्टूबर से यह रामलीला शुरू हो चुकी है | इस समिति के अध्यक्ष डॉ सैयद माजिद अली और दशहरे के मौके पर लगने वाले मेले के प्रबंधक सैयद साजिद अली हैं | इन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि इस पूरे आयोजन में एक दूसरे धर्म और संप्रदाय के नायक की कथा का मंचन होता है | यहां तो सिर्फ इस बात से मतलब है कि धर्म और संप्रदाय कोई भी हो इंसानियत का रिश्ता और आपसी प्यार सबसे बड़ा है |

मुमताज़ नगर से कुछ दूर अयोध्या में सन 92 में हुए मंदिर मस्जिद दंगे से भी नहीं पड़ा गंगा जमुनी तहजीब के इस ताने बाने पर असर

इस खास रामलीला में हर साल मोहम्मद अखलाक जब हाथों में त्रिशूल लेकर जब मंच पर तांडव करते हैं तो देखने वालों के रोयें खड़े हो जाते हैं | अपने किरदार को पूरी शिद्दत से निभाने वाले मोहम्मद अखलाक कहते हैं कि उन्हें रामलीला का हिस्सा बनकर बेहद खुशी होती है और जब तक उनकी शरीर में जान है तब तक वह इस आयोजन का हिस्सा बने रहेंगे एखलाक रामलीला में दोहरा चरित्र निभाते हैं कभी वह भगवन शिव बनकर सामने आते हैं तो कभी अंगद के रूप में अपना पाँव जमा देते हैं | अखलाक अकेले नहीं है जो इस रामलीला कमेटी में शामिल है | बल्कि मोहम्मद सैफ और मोहम्मद कैफ भी भगवान राम की सेना में अहम किरदार निभाने वाले नल और नील की भूमिका निभाते हैं | मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि इसके अलावा गांव के ही रहने वाले गौरव यादव भगवान राम की भूमिका में और आकाश चौरसिया लक्ष्मण की भूमिका में अदा करते हैं | बीते 53 सालों से अनवरत यह परंपरा चली आ रही है | इस रामलीला के समापन के दौर में विजयदशमी को यहां सिर्फ रावण का दहन नहीं होता बल्कि समाज की उस बुराई का भी दहन होता है जिसमें हिंदू और मुस्लिम के नाम पर दंगे फसाद कराने की सोच शामिल होती है |

Published on: