सड़क पर गिरा गिरा कर पीटते रहे दबंग मदद की गुहार लगाता रहा सिपाही
फैजाबाद : बीते कई महीनों से यूपी में चल रहे ताबड़तोड़ एनकाउंटर के बाद प्रदेश की योगी सरकार और पुलिस के आला हकीमों ने यह दावा किया कि अब प्रदेश में अपराधी और अपराध दोनों कम हो रहे हैं ,प्रदेश में कानून का राज है और अपराधी खुद ही जेल की सलाखों के पीछे खुद को कैद कर रहे हैं . यूपी पुलिस के नए मुखिया डीजीपी ओंकार सिंह भी प्रदेश के अलग-अलग मंडलों में घूम-घूमकर मातहत अधिकारियों को सचेत और सतर्क कर रहे हैं . अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए जा रहे हैं . यह सारी बातें रोजाना अखबार और टीवी चैनलों की सुर्खियां भी बन रही है , लेकिन आज हम आपको दिखा रहे हैं फैजाबाद की वह तस्वीर जिसे देख कर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ और उनकी पुलिस के सारे दावे हवाई साबित होता नजर आएंगे .
फैजाबाद के देवकाली बाईपास चौराहे के पास सामने आई दबंगई की बड़ी वारदात
फैजाबाद में महज एक टैक्सी वाहन में बैठने के विवाद को लेकर शहर के व्यस्ततम देवकाली बाईपास चौराहे के पास सरेआम एक पुलिसकर्मी को कुछ दबंगों ने जमकर पीटा और अभद्र गालियां दी . यह पूरा तमाशा काफी देर तक चलता रहा और लोग मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे लेकिन कोई भी इस पुलिसकर्मी को बचाने के लिए आगे नहीं आया . करीब आधा दर्जन लोगों के द्वारा पीटा जा रहा यह पुलिसकर्मी हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता रहा लेकिन पीटने वाले लोग अपशब्दों की बौछार करते हुए सिपाही को पीटते रहे . मामला तब सामने आया जब सिपाही की पिटाई का लाइव वीडियो WhatsApp और अन्य सोशल माध्यमों पर वायरल हो गया .
सड़क पर गिरा गिरा कर पीटते रहे दबंग मदद की गुहार लगाता रहा सिपाही
वीडियो वायरल होने के बाद पिटाई के शिकार पुलिसकर्मी की पहचान जनपद के ग्रामीण क्षेत्र महाराजगंज थाने में तैनात कांस्टेबल राजेश यादव के रूप में हुई जो इस समय अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा में तैनात है . सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह थाने से चलकर सिपाही देवकाली ओवरब्रिज चौराहे के पास पहुंचा जहां पर वह अयोध्या जाने के लिए वाहन बदल रहा था . इसी दौरान एक टैक्सी वाहन में बैठने को लेकर कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई और उसके बाद करीब आधा दर्जन दबंगों ने सिपाही की जमीन पर गिरा कर बुरी तरह पिटाई की . घटना के समय सैकड़ों की संख्या में राहगीर घटनास्थल पर मौजूद थे . पिटाई के वीडियो में कुर्ता पजामा पहने एक शख्स प्रमुख रूप से सामने आ रहा है जबकि कुछ लड़के सिपाही की पिटाई कर रहे हैं . पुलिस ने इस मामले में हरिओम गुप्ता नामक एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है जबकि अन्य युवक फरार हो गए हैं .सरेआम एक वर्दीधारी की पिटाई करने वाले यह दबंग कौन हैं इसकी जानकारी अभी नहीं हो पाई है . लेकिन इस वारदात में कहीं ना कहीं जिले में पुलिस पर सवालिया निशान लगाने का काम किया है पुलिस के आला अधिकारी आरोपियों की गिरफ्तारी में लगे हुए हैं .