
रायपुर. केंद्रीय जनजाति कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा (Union Minister Arjun Munda) दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आए हुए हैं। यहां उन्होंने वन धन विकास केंद्र समूह का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने राज्य सरकार के कार्यों को सराहना करते हुए कहा, राज्य सरकार बेहतर कार्य कर रही है। वहीं केंद्रीय मंत्री ने कहा हम ट्राईफुड जोन बना रहे हैं।
हर्बल उत्पाद व हैंडी क्राफ्ट से अब बस्तर को मिलेगी वैश्विक पहचान
इससे पहले अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के तहत बस्तर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा, बस्तर के हर्बल उत्पाद और हैंडी क्राफ्ट से अब बस्तर को वैश्विक पहचान मिलेगी। जगदलपुर से लगे बाबू सेमरा में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि बस्तर का उत्पाद अब न्यूयॉर्क तक पहुंच रहा है। हैंडी क्राफ्ट की डिमांड पहले से सात गुना बढ़ी है। महिलाओं के साथ ही पुरुष भी इसमें रुचि ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मेरी दोबारा बस्तर आने की तमन्ना है। दरअसल केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुण्डा दो दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को बस्तर पहुंचे। मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर में उनका स्वागत करने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सबसे पहले उन्होंने नवनिर्मित ट्राइब्स इंडिया आउटलेट का जगदलपुर एयरपोर्ट में शुभारंभ किया। इसके बाद वे ट्राईफेड के संबंध में आयोजित सेमीनार के दौरान समीक्षा बैठक भी ली। बस्तर ट्राइब्स को बढ़ावा देने सुझाव सुने और अपनी बातें रखीं।
इस दौरान अर्जुन मुण्डा ने कहा कि आने वाले दिनों में बस्तर हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। सुदूर अंचल के ग्रामीण वनोपज प्राकृतिक उत्पादों के विक्रय से अपनी आजीविका में सुधार लाने के साथ अपनी आदिवासी संस्कृति से भी परिचित करवाएंगे। भारत सरकार की 100 एमबीसी विदेशों में है, जहां बस्तर के उत्पाद को पहुंचाया जाएगा।
अर्जुन मुण्डा शनिवार को चित्रकोट के समीप स्थित लामडागुड़ा के एसटीएफ कैम्प में निर्मित आर्टीजन विलेज एवं टूरिज्म सर्किट के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके पश्चात वे लोहाण्डीगुड़ा विकासखण्ड के ग्राम धुरागांव में वनधन विकास केन्द्र के अवलोकन के पश्चात सुबह 11 बजे मां दन्तेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।