
Gonda Accident: गोंडा जिले के नवाबगंज में बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बस्ती-गोंडा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। मृतका की पहचान हो गई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है।
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। कटरा शिवदयालगंज में रेलवे क्रॉसिंग के पास बस्ती-गोंडा मार्ग पर यह दर्दनाक हादसा हुआ। महिला सड़क पर पैदल जा रही थी। इसी दौरान ईंट लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचे। तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सरयूघाट चौकी इंचार्ज संजीव सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान मालती पत्नी बेचन चौहान, निवासी वेवहना, थाना हर्रैया, जिला बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है। बताया गया कि मालती बस्ती-गोंडा मार्ग पर पैदल जा रही थी। उसी समय बस्ती की तरफ से नवाबगंज की ओर आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही सरयू घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला। पुलिस अब चालक की तलाश कर रही है। आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम छा गया। एक सड़क हादसे ने परिवार से मालती को हमेशा के लिए छीन लिया।