
Gonda Police Encounter: गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की एक वांछित गो-तस्कर से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गोंडा व अयोध्या में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस को बड़ी सफलता मिली। चेकिंग अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम की एक वांछित गो-तस्कर से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। गोली पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि देर रात नवाबगंज पुलिस क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान मुफीद पुत्र जमील के रूप में हुई है। वह अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से फरार चल रहा था। नवाबगंज थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था।
मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
आरोपी के खिलाफ गोंडा और अयोध्या के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह अंतर्जनपदीय गो-तस्करी गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और साथियों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में नवाबगंज थाने में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।