गोंडा

Gonda Crime: सस्ती जमीन का झांसा, फिर पेशाब करने गए शख्स के बैग से उड़ाए 1.30 लाख; ऐसे खुला पूरा खेल

Gonda Crime: गोंडा के इटियाथोक में सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर 1.30 लाख रुपये चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जमीन दिखाने के बहाने पीड़ित को घुमाया और उसके पेशाब करने जाते ही बैग से रकम निकाल ली। पुलिस ने 1,00,700 रुपये नकद और बाइक बरामद की है।
3 min read
Sep 04, 2026
gonda
ASP अभिषेक दावाच्या फोटो सोर्स PRO सेल

Gonda Police:गोंडा के इटियाथोक में सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.30 लाख रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन दिखाने के बहाने पीड़ित को इधर-उधर घुमाया गया। और उसके पेशाब करने जाते ही बैग से रकम निकालकर आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने लाखों की नकदी भी बरामद की है।

गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में सस्ते दाम पर जमीन दिलाने का झांसा देकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 1,00,700 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल TVS Raider मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में शक्ति उर्फ शक्तिराम, मोटो उर्फ सूर्यनारायन पथरकट और राधेश्याम उर्फ बाबू शामिल हैं।

पकड़े गए आरोपी फोटो सोर्स पुलिस मीडिया सेल

जमीन दिलाने का झांसा मौका मिलते ही पैसों से भरा बैग ले उड़े

पुलिस के मुताबिक, बैजपुर के रहने वाले कफील अहमद अपनी बहन के ऑपरेशन के सिलसिले में दो सितंबर को गोंडा के एक निजी अस्पताल आए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात मोटो पथरकट और शक्ति नाम के व्यक्तियों से हुई। बातचीत के दौरान दोनों ने गांधी चबूतरा के पास सस्ते दाम में जमीन दिलाने की बात कही। जमीन सस्ती मिलने की बात पर कफील उनके झांसे में आ गए। वह अपने साथ 1.30 लाख रुपये लेकर आरोपियों के साथ गांधी चबूतरा पहुंचे। वहां दो अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि जमीन दिखाने के नाम पर आरोपी उन्हें काफी देर तक इधर-उधर घुमाते रहे। इसी दौरान जब कफील पेशाब करने के लिए कुछ दूर गए तो आरोपियों ने उनके बैग से 1.30 लाख रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शनिदेव मंदिर के पास से किया गिरफ्तार

कफील ने आरोपियों की तलाश की और फोन से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन सभी के मोबाइल बंद मिले। इसके बाद उन्होंने इटियाथोक थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को खरगूपुर रोड पर बेन्दुली मोड़ के पास शनिदेव मंदिर के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 1,00,700 रुपये और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई।

बरामद कैश

पहले भी लिए थे 1.50 लाख

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर लोगों को सस्ते दाम में जमीन दिलाने का लालच देते हैं और फिर धोखाधड़ी व चोरी करते हैं। आरोपियों ने यह भी बताया कि कफील से 13 अगस्त को 1.50 लाख रुपये लिए गए थे। इसके बाद दो सितंबर को 1.30 लाख रुपये लेकर उन्हें गांधी चबूतरा बुलाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, चोरी की रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। गिरफ्तार आरोपी शक्तिराम उर्फ शक्ति थाना खरगूपुर का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Updated on:
04 Sept 2026 06:22 pm
Published on:
04 Sept 2026 06:21 pm