गोंडा

Gonda News: सरयू नदी में डूब कर दो सगी बहनों की मौत, एक को बचाने के चक्कर में गई दूसरे की जान

Gonda News: गोंडा जिले के परसपुर क्षेत्र में सरयू नदी में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। छोटी बहन सुहानी का पैर फिसलकर गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए बड़ी बहन सुप्रिया भी नदी में उतर गई। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम फैल गया है।
2 min read
Sep 06, 2026
Gonda
भौरीगंज पुल पर खड़े लोग- फोटो सोर्स पत्रिका

Gonda News: गोंडा में सरयू नदी के किनारे रविवार को बड़ा हादसा हो गया। मछलियों को दाना डालने गई दो सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई। छोटी बहन सुहानी का अचानक पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के लिए बड़ी बहन सुप्रिया भी नदी में उतर गई। तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों पानी में समा गईं। आसपास के लोगों ने काफी कोशिश के बाद उन्हें बाहर निकाला। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। सरयू नदी में डूबने से दो सगी बहनों की जान चली गई। मृतकों की पहचान सुप्रिया (15) और सुहानी (9) के रूप में हुई है। दोनों राजपुर गांव के मजरा बद्दू पुरवा की रहने वाली थीं। बताया गया कि दोनों बहनें घर से करीब एक किलोमीटर दूर गई थीं। वे भौरीगंज में श्री राम जानकी मंदिर के पास पहुंचीं। यहां सरयू नदी के किनारे मछलियों को दाना डाल रही थीं। इसी दौरान सुहानी का अचानक पैर फिसल गया। वह संभल नहीं सकी और गहरे पानी में चली गई।

भौरीगंज पुल पर खड़े लोग सोर्स पत्रिका

आसपास के लोगों ने दोनों बहनों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला

छोटी बहन को डूबता देखकर सुप्रिया घबरा गई। उसने उसे बचाने के लिए पानी में उतरने की कोशिश की। नदी में पानी काफी गहरा था। कुछ ही देर में वह भी संतुलन खो बैठी। दोनों बहनें पानी में डूब गईं। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। लोग तुरंत मदद के लिए नदी की तरफ दौड़े। स्थानीय लोगों ने पानी में उतरकर दोनों की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया।

स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने से पहले दोनों की थम चुकी थीं सांसें

इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की। दोनों की सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो बेटियों की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम छा गया। आसपास के लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच कर पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।

थानाध्यक्ष बोले- पैर फिसलने से हुआ हादसा

थानाध्यक्ष कमला शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों बहनें नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान छोटी बच्ची का पैर फिसल गया। उसे बचाने के प्रयास में बड़ी बहन भी पानी में चली गई। गहराई अधिक होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सकीं। दोनों बहनों के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
06 Sept 2026 05:39 pm
Published on:
06 Sept 2026 05:39 pm