गोंडा

गोंडा में दो डंपरों की भीषण भिड़ंत, बालू लदा वाहन खाई में पलटा; घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Gonda accident: गोंडा के नवाबगंज में दो डंपरों की भीषण टक्कर में बालू लदा वाहन खाई में पलट गया। चालक और खलासी घंटों तक फंसे रहे। पुलिस ने कटर मशीन और क्रेन की मदद से रेस्क्यू कर दोनों को बाहर निकाला।
2 min read
May 08, 2026
टक्कर के बाद पलटा डंपर फोटो सोर्स पत्रिका
टक्कर के बाद पलटा डंपर फोटो सोर्स पत्रिका

गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजा राम चौराहे के पास आमने-सामने आए दो डंपरों की जोरदार टक्कर में बालू से भरा डंपर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसे के बाद चालक और खलासी वाहन में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

गोंडा जिले के नवाबगंज इलाके में शुक्रवार को दो डंपरों की टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसा राजा राम चौराहे से कुछ दूरी पहले हुआ। जहां तेज रफ्तार में आ रहे दो भारी वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बालू से भरा एक डंपर सड़क से नीचे करीब 15 फीट गहरी खाई में जा पलटा। जानकारी के अनुसार, एचजी कंपनी का डंपर ढेमवाघाट से बालू लेकर तुलसीपुर स्थित प्लांट की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे खाली डंपर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बालू लदा डंपर बुरी तरह पलट गया। उसमें बैठे चालक व खलासी अंदर ही फंस गए।

सड़क पर लगा लंबा जाम

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। खलासी को काफी प्रयास के बाद बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चालक का पैर स्टेरिंग और केबिन के हिस्से में बुरी तरह फंस गया था। उसे निकालने में काफी दिक्कत आई।

स्टेरिंग में फंसा चालक का पैर कटर मशीन की मदद से डंपर का दरवाजा काट कर चालक को बाहर निकाला

सूचना मिलने पर नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने खुद राहत कार्य की कमान संभाली। क्रेन मंगाकर डंपर को हटाने की कोशिश की गई। लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में कटर मशीन की मदद से डंपर का दरवाजा और स्टेरिंग काटा गया। तब जाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। घायल चालक को तुरंत नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे तुलसीपुर स्थित प्लांट भेज दिया गया। बताया गया कि चालक फतेहपुर जिले के लिलरा गांव का रहने वाला है। वहीं हादसे के बाद दूसरा डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Updated on:
08 May 2026 10:04 pm
Published on:
08 May 2026 10:03 pm