गोंडा

पति के घर में खुद ही करवा दी चोरी! मौसेरे भाई संग नई जिंदगी बसाने के लिए रची ऐसी साजिश, पुलिस ने कुछ घंटों में खोला राज

Gonda Chori Case: गोंडा में पत्नी ने मौसेरे भाई के साथ मिलकर अपने ही घर में चोरी की साजिश रची। पुलिस ने कुछ घंटों में मामला सुलझाकर गहने, नकदी बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
Jul 21, 2026
Gonda News Gonda Chori Case UP Crime News
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर घर में ही की चोरी

Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक ऐसा चोरी का मामला सामने आया, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। जिस महिला ने खुद को चोरी और मारपीट की पीड़िता बताया था, वही इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड निकली। पुलिस ने कुछ ही घंटों की जांच में ऐसा खुलासा किया कि परिवार भी हैरान रह गया।

पहले खुद को बताया पीड़ित, फिर खुली साजिश की परतें

मामला खरगूपुर थाना क्षेत्र के विशुनापुर गांव का है। यहां रहने वाली पूनम ने परिजनों को बताया कि देर रात 9-10 बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने उसके साथ मारपीट की, उसे बेहोश कर दिया और घर में रखे सोने-चांदी के गहने, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। महिला के पति लवकुश ने भी थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटनास्थल देखकर पुलिस को हुआ शक

पुलिस ने जब घर का बारीकी से निरीक्षण किया तो कई बातें कहानी से मेल नहीं खा रही थीं। कमरे में रखे बक्से और अलमारी जरूर खुले मिले, लेकिन कुछ ऐसे सुराग मिले जिनसे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद महिला से अलग-अलग समय पर पूछताछ की गई और जांच का दायरा बढ़ाया गया।

प्रेम प्रसंग निकला चोरी की वजह

जांच में सामने आया कि पूनम का अपने मौसेरे भाई विकास कसौधन के साथ प्रेम संबंध था। दोनों साथ रहना चाहते थे और नई जिंदगी शुरू करने की योजना बना रहे थे। इसी के लिए उन्होंने पहले घर में चोरी की साजिश रची, ताकि गहने और नकदी लेकर आसानी से घर छोड़ सकें। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर कमरे में रखे तीन बक्सों के ताले तोड़े और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन निकाल लिया। इसके बाद चोरी को असली वारदात दिखाने के लिए कमरे का सामान खुद ही बिखेर दिया।

कुछ घंटों में पुलिस ने कर दिया खुलासा

सीओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरी साजिश सामने आ गई। इसके बाद पूनम और विकास को गिरफ्तार कर लिया गया।

गहने और नकदी बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और चोरी का अन्य सामान बरामद कर लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि चोरी की कहानी पूरी तरह सुनियोजित थी। आरोपियों ने परिवार और पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी वारदात का नाटक रचा, लेकिन कुछ ही घंटों में उनकी पूरी योजना बेनकाब हो गई।

Updated on:
21 Jul 2026 08:49 am
Published on:
21 Jul 2026 08:49 am