
UP News: उत्तर प्रदेश के गोंडा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया। जब एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ रेलवे टावर पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है। पिछले नौ वर्षों से संपर्क में रहे व्यक्ति राम इकबाल अब उसके और बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई।
गोंडा के नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को रेलवे परिसर स्थित एक ऊंचे टावर पर महिला के तीन बच्चों के साथ चढ़ जाने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ तथा स्थानीय पुलिस की टीमें पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला करीब तीन घंटे तक टावर पर डटी रही। इस दौरान उसने कई बार नीचे कूदने की चेतावनी दी। जिससे पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई। अधिकारियों ने महिला से लगातार बातचीत कर उसे शांत कराने और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है। उसका कहना है कि पिछले नौ वर्षों से उसकी राम इकबाल नाम के व्यक्ति से बातचीत और संपर्क था। अब वह व्यक्ति न तो उसके साथ रहने को तैयार है। और न ही उसके तथा बच्चों के खर्च की जिम्मेदारी उठा रहा है। इसी मांग को लेकर वह टावर पर चढ़ी है।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला को भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संबंधित पक्ष से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास होगा। इसके बावजूद महिला काफी देर तक अपनी मांग पर अड़ी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला पहले भी पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से जुड़े एक स्कूल परिसर में स्थित टावर पर चढ़कर विरोध जता चुकी है। हालांकि पुलिस इस संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
घटना के दौरान महिला और उसके साथ मौजूद तीनों बच्चों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था करने की भी कोशिश की गई। पुलिस की प्राथमिकता महिला और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारना रही। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से महिला को समझाने का प्रयास लगातार जारी था। और पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की नजर बनी हुई थी।