
Gonda Police Encounter: गोंडा में जेल से छूटने के बाद फिर से चोरी की वारदातों में सक्रिय हुए तीन शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिए गए। कर्नलगंज क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। जबकि तीसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तीनों पर देवीपाटन मंडल के अलग-अलग जिलों में कुल 93 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
गोंडा जिले में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। जबकि तीसरे को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में एसओजी, कर्नलगंज और खरगूपुर पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध बदमाशों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान बालपुर और कर्नलगंज के बीच पुलिस का सामना तीन बदमाशों से हो गया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शिवकुमार और चुनमुन घायल हो गए। जबकि रोशन लाल को घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी के मुताबिक, गिरफ्तार रोशन लाल पर गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के विभिन्न थानों में 46 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शिवकुमार के खिलाफ 20 और चुनमुन के खिलाफ 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों लंबे समय से देवीपाटन मंडल में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों बदमाश करीब एक सप्ताह पहले ही जेल से छूटे थे। जेल से बाहर आते ही उन्होंने फिर से अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। पांच दिन पहले कर्नलगंज क्षेत्र के चौरी चौराहे के पास स्थित दो सर्राफा दुकानों के शटर काटकर चोरी की घटना को भी इन्हीं बदमाशों ने अंजाम दिया था।
मुठभेड़ के बाद घायल शिवकुमार और चुनमुन को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया है। वहीं रोशन लाल से पूछताछ की जा रही है। तीनों आरोपी बहराइच जिले के विशेश्वरगंज क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिल, चोरी के आभूषण और नकदी भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। इनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।