गोंडा में कर्नलगंज–हुजूरपुर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। सड़क पार कर रही लड़कियों को बचाने के चक्कर में ई रिक्शा और बाइक की भीषण टक्कर हुई है। जिसमें दो नवयुवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
Gonda Accident: गोंडा जिले के कर्नलगंज–हुजूरपुर मार्ग पर मंगलवार शाम को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बैकुंठनाथ डिग्री कॉलेज के पास बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो नवयुवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सड़क पार कर रही एक किशोरी घायल हो गईं। हादसा इतना भीषण था कि कुछ ही पलों में दो नवयुवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई।
Gonda Accident: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्नलगंज बाजार से बरबटपुर गांव की ओर जा रहे बाइक सवार युवक अचानक सड़क पार कर रही लड़कियों को बचाने की कोशिश में संतुलन खो बैठे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रहे ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें कर्नलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय फरमान पुत्र इरफान और 22 वर्षीय आलम पुत्र सिराज, निवासी बरबटपुर के रूप में हुई है। इस हादसे में सड़क पार कर रही 18 वर्षीय मुस्कान घायल हो गई है जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि दूसरी किशोरी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर मुदस्सर खान ने बताया कि दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को नियंत्रित किया। शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।