गोंडा

गोंडा में रेलवे की बड़ी पहल; अब ट्रेन मैनेजरों को मिलेगा हाईटेक ब्रेकवान, लंबी ड्यूटी होगी आरामदायक

Railway News: गोंडा के आरओएच डिपो में ट्रेन मैनेजरों के ब्रेकवान को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। अब ब्रेकवान में नई एर्गोनॉमिक सीट, वॉकी-टॉकी होल्डर, ग्रैब हैंडल, वॉशबेसिन और अन्य सुविधाओं से लंबी ड्यूटी अधिक सुरक्षित और आरामदायक होगी।
2 min read
Jul 12, 2026
Train managers will get hi-tech brake vans
ट्रेन मैनेजरों को मिलेगा हाईटेक ब्रेकवान (फोटो सोर्स - रेलवे विभाग)

Rail News: गोंडा में रेलवे से जुड़ी अच्छी खबर सामने आई है। पूर्वोत्तर रेलवे के गोंडा स्थित आरओएच डिपो में ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) के लिए इस्तेमाल होने वाले ब्रेकवान को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इस बदलाव का उद्देश्य लंबी दूरी की ड्यूटी के दौरान ट्रेन मैनेजरों को सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर कार्य वातावरण देना है। ताकि वे पूरी सतर्कता और दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।

पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अंतर्गत गोंडा स्थित आरओएच डिपो में ट्रेन मैनेजरों के ब्रेकवान को आधुनिक बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। रेलवे का कहना है कि इस पहल से ट्रेन मैनेजरों को लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पहले की तुलना में अधिक सुविधा और आराम मिलेगा। इस योजना में ब्रेकवान के अंदर कई नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। ट्रेन मैनेजरों के लिए ऐसी आरामदायक कुर्सियां लगाई जा रही हैं, जिनकी ऊंचाई जरूरत के अनुसार बदली जा सकेगी। इन कुर्सियों में आर्म रेस्ट की सुविधा होगी और वे 360 डिग्री तक घूम सकेंगी, जिससे काम करना आसान होगा।

अब मिलेगी यह सुविधा

इसके अलावा वॉकी-टॉकी रखने के लिए अलग होल्डर, कोट टांगने के लिए हुक और पानी की बोतल रखने के लिए स्टैंड भी लगाए जा रहे हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों तरफ बड़े ग्रैब हैंडल और फुट रेस्ट की व्यवस्था की गई है। ताकि चलते समय संतुलन बनाए रखने में आसानी हो। ब्रेकवान में शौचालय और वॉशबेसिन जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सभी व्यवस्थाओं को ट्रेन मैनेजरों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

रेल संचालन की सुविधा होगी मजबूत

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि बेहतर कार्य वातावरण मिलने से ट्रेन मैनेजरों की शारीरिक थकान कम होगी। इससे वे पूरी एकाग्रता के साथ अपनी ड्यूटी कर सकेंगे। रेल संचालन की सुरक्षा भी मजबूत होगी।

परिचालन की सुरक्षा में सकारात्मक सुधार

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि ट्रेन मैनेजर रेल संचालन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ियों में शामिल हैं। उनकी सुरक्षा और सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है। ब्रेकवान के आधुनिकीकरण से उनका कार्यस्थल अधिक सुविधाजनक बनेगा। इससे उनकी कार्यक्षमता के साथ-साथ रेल परिचालन की सुरक्षा में भी सकारात्मक सुधार होगा।

अन्य स्थानों के लिए होगा बेहतर मॉडल

रेलवे की यह पहल गोंडा से शुरू होकर भविष्य में अन्य स्थानों के लिए भी एक बेहतर मॉडल साबित हो सकती है। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में ट्रेन मैनेजरों की भूमिका अहम होती है। उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Updated on:
12 Jul 2026 07:00 pm
Published on:
12 Jul 2026 07:00 pm