
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 29 जून से प्रदेश में मानसून सक्रिय हो सकता है। जिसके बाद कई जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। शनिवार और रविवार को करीब 30 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है। जिससे लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश में लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम अब करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और 29 जून से मानसून के प्रभाव साफ दिखाई देने लगेंगे। शनिवार को प्रदेश के लगभग 30 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही की संभावना जताई गई है। शुक्रवार की आधी रात गोंडा और बहराइच के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने से उमस एक बार फिर बढ़ गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल प्रदेश की सीमा के करीब पहुंच चुका है। पिछले कई दिनों से इसकी रफ्तार धीमी थी। लेकिन अब मौसमीय परिस्थितियां इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हो गई हैं। ऐसे में अगले दो दिनों के भीतर मानसून के उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में पहुंचने की उम्मीद है।
बारिश शुरू होने के साथ ही तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा सकती है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। इससे लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी और उमस से काफी राहत मिलेगी।
शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। लखीमपुर खीरी सबसे गर्म जिला रहा। जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा और आगरा में 43 डिग्री, लखनऊ में 42.4 डिग्री, अलीगढ़ में 42.2 डिग्री तथा प्रयागराज में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर बना रहेगा। 29 जून को पूर्वी यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है। और पश्चिमी जिलों में भी बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। वहीं 30 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है। 1 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इसके चलते तापमान में गिरावट आएगी। लोगों को लंबे समय से परेशान कर रही भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोण्डा, बस्ती, संत कबीर नगर, कुशीनगर, गोरखपुर, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, देवरिया, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, फतेहपुर, वाराणसी, चंदौली, बांदा, कौशाम्बी, संत रविदास नगर, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र