
UP Monsoon Update: उत्तर प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 27 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इससे पहले कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है। हालांकि पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में अगले दो दिन तक लू का असर बना रह सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में लगातार पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेने के संकेत दे दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 27 जून के आसपास मानसून की एंट्री हो सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 26 से 29 जून के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं 30 जून के बाद बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ सकती हैं।
पूर्वी यूपी में मौसम के बदलाव के साथ तेज हवाओं का भी असर देखने को मिलेगा। विभाग ने 29 जून के बाद 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। दूसरी ओर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी महीने के अंतिम दिनों में बारिश की गतिविधियां शुरू होने के संकेत हैं। यहां 30 जून के बाद कुछ क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
हालांकि बारिश की संभावना के बीच गर्मी का प्रकोप पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक 26 से 28 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान अभी भी 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
बीते दिन बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले कुछ दिनों में मानसून की प्रगति तेज होने के संकेत हैं। उन्होंने कहा कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने लगेगी, लेकिन तब तक लोगों को लू और तेज धूप से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए।