गोंडा

UP Weather Today: अगले 24 घंटे बेहद अहम, गोंडा-श्रावस्ती समेत 24 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

IMD Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर और अयोध्या समेत 24 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं। नदियों के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
2 min read
Jul 19, 2026
फाइल फोटो पत्रिका
फाइल फोटो पत्रिका

IMD Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को पूर्वी यूपी के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार के लिए गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और अयोध्या समेत 24 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गोंडा सहित आसपास के जिलों में सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। लगातार बारिश के चलते नदियों के जलस्तर पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है।

मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने गोरखपुर, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी और सीतापुर समेत 24 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, रायबरेली, सुल्तानपुर, अमेठी, मेरठ, बुलंदशहर और कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।
शनिवार को सबसे ज्यादा बारिश गोरखपुर में रिकॉर्ड की गई। यहां 141.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा बांसगांव, चुनार, पलियाकलां, वाराणसी और सुल्तानपुर में भी अच्छी बारिश हुई।

18 जुलाई तक सामान्य से कम बारिश की रिकॉर्ड

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 18 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य से कम बारिश हुई है। इस मानसून सीजन में उत्तर प्रदेश में अब तक करीब 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश से स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

बंगाल की खाड़ी में मानसूनी सिस्टम सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी सिस्टम के सक्रिय रहने के कारण अगले कुछ दिनों तक पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। घाघरा, राप्ती, सरयू, गंगा और यमुना जैसी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी पर नजर बनाए रखें। जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाएं।

Updated on:
19 Jul 2026 07:44 am
Published on:
19 Jul 2026 07:44 am