गोरखपुर

गोरखपुर में जूनियर डॉक्टरों की दबंगई, मानसिक रोगी को पीटकर किये अधमरा…ICU में भर्ती

गोरखपुर के BRD मेडिकल कॉलेज में दबंग जूनियर डॉक्टरों ने वहां एडमिट एक मानसिक रोगी को पीटकर अधमरा कर दिया, इस घटना के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और सीनियर डॉक्टरों ने किसी तरह पीड़ित को डॉक्टरों के चंगुल से निकाल कर पुलिस चौकी भेजे।

2 min read
Apr 20, 2026
फ़ोटो सोर्स: पत्रिका, पीड़ित की पत्नी

हमेशा विवादों में रहने वाले बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्रों ने रविवार को BRD मेडिकल कॉलेज में मानसिक रोगी को पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर हालत में पीड़ित को ICU में भर्ती किया गया है, परिजनों के मुताबिक पीड़ित सिजोफ्रेनिया का मरीज है। वह पिछले तीन महीने से मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग वार्ड में भर्ती है। उसकी पत्नी मेडिकल कॉलेज में ही स्टाफ नर्स है।

ये भी पढ़ें

बस्ती में दरोगा की दबंगई…किशोर को पीटा, साफ कराया बाइक…बेबस होकर रोता रहा किशोर

पीड़ित मानसिक रोग का करा रहा है इलाज, लेडी डॉक्टर के पहनावे पर किया कमेंट

बता दें कि मरीज पुराने इंसेफेलाइटिस वार्ड वाले भवन में चल रहे मानसिक रोग वार्ड में भर्ती है। इसी भवन के सामने कॉलेज का सरोजनी गर्ल्स हॉस्टल है। इसमें एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाली छात्राएं रहती हैं। मरीज ने सरोजिनी हॉस्टल से बाहर निकल रही एक एमबीबीएस छात्रा के कपड़े और पहनावे पर टोक दिया। इससे नाराज छात्रा ने फोन करके अपने क्लासमेट को बुला लिया।

पचास की संख्या में आए जूनियर डॉक्टरों ने पीटकर किया अधमरा

इसी बीच पचास की संख्या में आए एमबीबीएस छात्रों ने मानसिक रोगी को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। उसके मुंह और नाक से खून निकलने लगा। चेहरा कट गया और वह बेहोश हो गया। इस दौरान मरीज की स्टाफ नर्स पत्नी भी वहां मौजूद थी। उसने छात्रों को बताया भी कि यह मानसिक रोगी है। वार्ड में भर्ती है। इसके बावजूद एमबीबीएस छात्र उसे पीटते रहे।मौके पर पहुंचे सीनियर डॉक्टर मामले की सूचना कालेज प्रशासन को मिलने पर हड़कंप मच गया।

पुलिस और सीनियर डॉक्टरों ने पीड़ित को किसी तरह भीड़ से बचाया

प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कंचन श्रीवास्तव, मेडिसिन के डॉ. राजकिशोर सिंह, सुपर स्पेशयलिटी के इंचार्ज डॉ. भूपेंद्र शर्मा समेत एक दर्जन से अधिक सीनियर डॉक्टर मौके पर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी और गुलरिहा थाने से भी पुलिसकर्मी मौके पर आ गए। पुलिस ने पीड़ित को एमबीबीएस छात्रों के चंगुल से निकाला। उसे लेकर चौकी पर पहुंचे। वहां मरीज बेहोश होने लगा, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने मेडिकल कॉलेज के सीनियर डॉक्टरों से बात कर उसे आनन-फानन में दोबारा ICU में भर्ती कराया। उसे आईसीयू में रखा गया है।

स्टाफ नर्स से जबरन डिलीट कराया वीडियो, मैनेज करने में लगे सीनियर डॉक्टर

मारपीट की यह पूरी घटना मेडिकल कॉलेज के सीसीटीवी में कैद हो गई है। सरोजिनी हॉस्टल के अलावा इंसेफेलाइटिस वार्ड के बाहर भी सीसी कैमरे लगे हैं। इसके अलावा मरीज की पत्नी ने भी मोबाइल में घटना का वीडियो बना लिया था। इसकी जानकारी होने पर दोपहर बाद एमबीबीएस छात्र उस वार्ड में पहुंचे, जहां स्टाफ नर्स ड्यूटी कर रही थी। उन्होंने फोन छीनकर वीडियो डिलीट करा दिया। फिलहाल इस घटना के बाद एक बार फिर कालेज में नर्स वर्सेज डॉक्टरों के बीच तनातनी हो गई है।

सीनियर डॉक्टर पीड़ित की पत्नी को समझाने में जुटे हैं, बता दें कि अभी फरवरी माह में ही डॉक्टरों ने विवाद के बाद नर्सों को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया था। इसके बाद से मेडिकल कॉलेज की नर्स आंदोलन पर चली गई थीं। इस बार भी सीनियर डॉक्टर नर्स को मैनेज करने पर लगे हैं।

ये भी पढ़ें

देवरिया की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा बनीं CDO हापुड़, 19 माह के कार्यकाल में छोड़ी अमिट छाप
Updated on:
20 Apr 2026 05:30 pm
Published on:
20 Apr 2026 05:24 pm
Also Read
View All