Adani Group- बड़ी सौगात: कार्यक्रम में करण अडाणी भी मौजूद रहेंगे, गुना में निवेश और रोजगार का नया रोडमैप, 32 हेक्टेयर भूमि पर यह फैक्ट्री बनेगी
Adani Group- अडाणी ग्रुप ने एमपी को बड़ी सौगात दी है। वे गुना में 1000 करोड़ की सीमेंट फैक्ट्री लगा रहे हैं। रविवार को मावन में अडाणी ग्रुप की प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री का भूमि पूजन गोपालपुरा मैदान पर हो रहा है। सीएम डॉ मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भूमिपूजन करेंगे। इस मौके पर गौतम अडाणी के पुत्र करण अडाणी भी उपस्थित रहेंगे। पूर्व में अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी का आना प्रस्तावित था जो फिलहाल टल गया है। अब उनकी जगह पुत्र करण आ रहे हैं। फैक्ट्री शुभारंभ के मौके पर गोपालपुरा मैदान पर दोपहर दो बजे एक जनसभा होगी।
अडाणी ग्रुप की सीमेंट फैक्ट्री मावन में लगभग 32 हेक्टेयर भूमि पर बनेगी। दो चरणों में इस परियोजना का निर्माण होगा। प्रथम चरण में 1059 करोड़ रुपए की लागत आएगी। यहां प्रतिदिन 5500 टन, सालाना 20 लाख टन सीमेंट का उत्पादन होगा। लगभग एक हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। पहली यूनिट इसी वर्ष बनकर तैयार होने की उम्मीद है, जिसके बाद दूसरे फेज में भी लगभग इतनी ही राशि का निवेश कर एक और यूनिट स्थापित की जाएगी।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल से विशेष विमान से गुना एयर पोर्ट पर दोपहर एक बजे आएंगे, जहां से वे सड़क मार्ग द्वारा लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां से एक रोड शो प्रारंभ होगा, जो शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे कैंट थाना, सदर बाजार, पुलिस लाइन से होते हुए गुजरेगा।
कार्यक्रम और रोड शो में अधिक से अधिक भीड़ रहे, इसके लिए अलग-अलग विभागों से जुड़े मुख्य अधिकारियों को टारगेट दिए गए हैं। कम से कम पन्द्रह से बीस हजार लोगों को शामिल किए जाने का टारगेट माना जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता,गुना विधायक पन्नालाल शाक्य अपने-अपने समर्थकों के साथ लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील कर रहे हैं।
मावन में प्रस्तावित सीमेंट फैक्टरी का भूमि पूजन गोपालपुरा मैदान पर रविवार को दोपहर दो बजे होगा। इसके बाद वहां जनसभा होगी। इस स्थल का निरीक्षण करने शनिवार को देर शाम जिले के प्रभारी मंत्री गोविन्द राजपूत गुना आए और कलेक्टर किशोर कन्याल, एसपी हितिका वासल के साथ पहुंचे।
कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रिलायंस पेट्रोल पंप से सीधे गोपालपुरा रोड पर वाहन नहीं आ सकेंगे। वे गुना में अंबेडकर चौराहे से जेल तिराहे तक ही आ सकेंगे। गोपाल मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग पुलिस कन्ट्रोल रूम के सामने मैदान में होगी। रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहे की ओर से गोपालपुरा रोड आने वाले वाहनों को बीज निगम में पार्क कराया जाएगा।
अशोकनगर से गुना आने वाली यात्री बस, भारी वाहनों और ट्रैक्टर- ट्रॉलियों के लिए पंचमुखी मंदिर केंट से हनुमान चौराहे वाला मार्ग रविवार को सुबह छह बजे से सभा समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान यात्री वाहन और भारी वाहनों को अशोकनगर से शाढ़ोरा-नई सराय से होते हुए गुना आना पड़ेगा। इस लंबे रूट को देखते हुए गुना आने वाले अपनी यात्रा फिलहाल रविवार को टालें। अन्यथा आने पर बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।