
ग्वालियर। 22 सरकारी और निजी क्षेत्र के 7 बैंकों ने फूलबाग मैदान पर दो दिवसीय लोन मेले का आयोजन किया है। सरकार ने इसे ग्राहक उन्मुखी कार्यक्रम नाम दिया है। वित्त मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित किए गए मेले के पहले दिन करीब 325 लोगों को लोन संबंधी स्वीकृति पत्र आवंटित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ एसबीआइ भोपाल मंडल के मुख्य महाप्रबंधक राजेश कुमार ने किया। ये कार्यक्रम शुक्रवार को भी सुबह 10 से शाम 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न सार्वजनिक बैंक, निजी बैंक, नाबार्ड, स्वयं सहायता समूह, एनबीएफसीएस सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में एसबीआइ भोपाल के मुख्य महाप्रबंधक राजेश कुमार ने कहा कि हमें वित्तीय सेवाएं विभाग के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए चुना गया है। सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक परस्पर सहयोग से आमजन के लिए इसे आयोजित कर रहे हैं। राजेश कुमार ने इस मौके पर बैंक के ग्राहकों और स्वयं सहायता समूहों को ऑटो लोन, एग्रीकल्चर लोन, गोल्ड लोन आदि के ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।
पहले दिन करीब 500 से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न बैंकों से उनकी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सभी बैंकों ने आयोजन स्थल पर ही लोगोंंं के लोन अनुमोदित किए और उन्हें लोन संबंधी स्वीकृति पत्र संबंधित बैंक के अंचल प्रमुख और क्षेत्र प्रमुख ने आवंटित किए।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में एसबीआइ भोपाल के उपमहाप्रबंधक राकेश कुमार यादव, सहायक महाप्रबंधक ओमप्रकाश, लीड बैंक मैनेजर सुशील कुमार श्रीवास्तव, नाबार्ड के सहायक महाप्रबंधक रमन, के्रडाई के अध्यक्ष अतुल अग्रवाल, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख सोवन सेन गुप्ता, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख केएस वालदिया, एसबीआइ के क्षेत्रीय प्रमुख शांतनु अग्रवाल, नवीन ओशट्वाल, अनुराग शर्मा आदि मौजूद थे।
बैकों ने लगाए अलग-अलग काउंटर
मेले में हर बैंक का अलग-अलग काउंटर लगाया गया था। यहां होम लोन, वाहन लोन, कृषि लोन, एमएसएमई लोन, मुद्रा लोन, एजुकेशन लोन, पर्सनल लोन और गोल्ड लोन सहित दूसरे लोन की लोगों को जानकारी देकर मंजूरी दी गई। कार्यक्रम में अलग-अलग प्रकार के खाते खोलने के साथ मोबाइल बैंकिंग के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।