ग्वालियर

कॉकरोच जनता पार्टी पर पहली FIR, 15 नामजद, NEET पेपर लीक का विरोध एमपी में पड़ा भारी

Cockroach Janata Party : नीट पेपर लीक के विरोध में शहर के महाराज बाड़ा पर कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों ने प्रदर्शन किया था। प्रशासन के अनुसार, उनके प्रदर्शन की अनुमति पहले ही निरस्त कर दी गई थी।
2 min read
Cockroach Janata Party
Cockroach Janata Party (प्रदेश में कॉकरोच जनता पार्टी पर पहली FIR Photo Source- Patrika)

Gwalior News : नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी को मध्य प्रदेश में प्रदर्शन करना भारी पड़ गया है। प्रदेश में पार्टी सदस्यों के खिलाफ पहली बार एफआईआर दर्ज हो गई है। मामला सूबे के ग्वालियर का है, जहां महाराज बाड़ा पर कॉकरोच पार्टी के सदस्य बिना अनुमति प्रदर्शन कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि, प्रशासन द्वारा अनुमति निरस्त किए जाने के बावजूद सोमवार को पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने पार्टी के 15 कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार प्रदेश में कॉकरोच पार्टी के खिलाफ दर्ज यह पहला मामला है।

एक घंटे चला प्रदर्शन

मामलो को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी विनोद विनायक करकरे ने बताया कि, सोमवार को अनिकेत शिवहरे के नेतृत्व में 10 से 15 कार्यकर्ता महाराज बाड़ा पहुंचे और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की।

कोई वैध अनुमति नहीं दे सके प्रदर्शनकारी

पुलिस का कहना है कि, प्रदर्शनकारियों से अनुमति पत्र मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्हें ये भी बताया गया कि, एसडीएम द्वारा प्रदर्शन की अनुमति पहले ही निरस्त कर दी गई थी। बावजूद इसके उन्होंने धरना समाप्त नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अनिकेत शिवहरे निवासी गाढ़वे की गोठ समेत पार्टी के 15 कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय आदेश की अवहेलना करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।

नियमानुसार कार्रवाई की गई कार्रवाई- पुलिस

अब इस मामले में पुलिस का कहना है कि, शहर की कानून - व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। जब प्रदर्शन की अनुमति निरस्त की जा चुकी थी तो प्रदर्शन करना कानून व्यवस्था के खिलाफ था।

युवाओं में नाराजगी

इधर, युवाओं ने आरोप लगाया कि, उन्हें प्रदर्शन की अनुमति कैंसिल होने की जानकारी नहीं थी। हर बार की तरह इस बार भी प्रशासन की ओर से अंतिम समय में प्रदर्शन की अनुमति निरस्त की गई। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, उनके आह्वान पर वहां लोग इकट्ठे हुए थे। फिलहाल, एफआईआर दर्ज होने के बाद युवाओं में खासा नाराजगी है।

Updated on:
14 Jul 2026 09:23 am
Published on:
14 Jul 2026 09:22 am