
Gwalior News :मध्य प्रदेश के ग्वालियर में स्थित शीतला माता मंदिर हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के शोकाकुल परिवारों के लिए नगर निगम परिषद और मंदिर प्रबंधन द्वारा बड़ा फैसला लिया गया है। बता दें कि, नगर निगम परिषद ने हादसे में जान गवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवार के एक सदस्य को नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर नौकरी दी जाएगी। वहीं, शीतला माता मंदिर प्रबंधन ने घोषमा की है कि, वो हादसे में जान गवाने वाले या घायलों की बेटी की शादी का खर्च उठाएंगे।
इस संबंध में नगर निगम परिषद अध्यक्ष मनोज सिंह तोमर ने सदन में सभी सदस्यों की सहमति से ये फैसला लिया है। साथ ही, पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने की बात भी कही गई है।
परिषद अध्यक्ष ने कहा कि, प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करेंगे। फैसले के बाद सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। शीतला माता मंदिर हादसे के पीड़ित परिवारों के लिए नगर निगम परिषद का ये फैसला राहत देने वाला है। फिलहाल, देखना होगा कि नौकरी देने की प्रक्रिया कब और किस तरह पूरी होगी।
वहीं, दूसरी तरफ शीतला माता मंदिर परिसर में हुई बैठक में दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया गया। समिति सदस्यों ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि, इस कठिन समय में समिति उनके साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता करेगी। समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि, जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया, उनकी क्षति की भरपाई संभव नहीं है।
आपको बता दें कि, मंदिर समिति ने घायलों को 10-10 हजार और मृतको के परिजन को 50-50 हजार रुपए सहायता राशि देने का भी फैसला लिया है। साथ ही, मृतकों एवं गंभीर रूप से घायल लोगों के परिवारों की बेटियों के विवाह का खर्च मंदिर समिति और महंत परिवार मिलकर उठाने की बात कही है, ताकि प्रभावित परिवारों को संबल मिल सके।
आपको बता दें कि, बीते 17 अक्टूबर को शीतला माता मंदिर में नवरात्रि मेले के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में अबतक 16 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जबकि, करीब 30 लोग अब भी ग्वालियर समेत भोपाल एम्स में भर्ती हैं।