ग्वालियर

वृंदावन में मांग में सिंदूर भरा, कहा- अब हम पति-पत्नी हुई, संबंध बनाए और लौटते ही करने लगा ब्लैकमेल

Lover Blackmail: छात्रा को झांसा देकर अपने साथ ले गया था आरोपी, शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध और अश्लील फोटो-वीडियो ले लिए, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया।
2 min read
gwalior
Girl student rape blackmail

Fake Marriage Promise: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में रहने वाली 20 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसके अश्लील फोटो-वीडियो वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करती है। आरोपी युवक का नाम अभिषेक जादौन है जो कि कैलारस का रहने वाला है। आरोपी ने पहले छात्रा से दोस्ती की और फिर उसे अपनी गंदी साजिश का शिकार बनाया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

वृंदावन ले गया वहां मांग में भरा सिंदूर

पीड़ित छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी अभिषेक जादौन से उसकी दोस्ती थी। दोस्ती होने के बाद दोनों के बीच अच्छी बातचीत होने लगी और वो साथ में घूमने जाने लगे। इसके बाद एख दिन आरोपी अभिषेक ने छात्रा के सामने प्यार का इजहार किया जिसे उसने स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी अभिषेक ने उसे अपने झांसे में लिया और घुमाने के बहाने अपने साथ वृंदावन ले गया। वृंदावन में अभिषेक उसे एक होटल में ले गया जहां उसने उसकी मांग में सिंदूर भरा और कहा कि अब हम पति-पत्नी हो गए, जल्द शादी भी कर लेंगे।

नशीला पदार्थ खिलाकर किया दुष्कर्म

पीड़िता के मुताबिक आरोपी अभिषेक ने होटल में ही उसे कुछ नशीला पदार्थ खिलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करते वक्त आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो ले लिए। फोटो-वीडियो लेने के बाद से आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और कई बार डरा-धमकाकर उसका शोषण किया, ग्वालियर शहर की अलग-अलग होटलों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बीते दिनों जब उसने अभिषेक पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया और फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

भाई ने देखा वीडियो तो खुला मामला

सोशल मीडिया पर वायरल छात्रा के अश्लील फोटो और वीडियो जब उसके भाई ने देखे तो उसने तुरंत बहन से आकर पूछताछ की। तब बहन ने पूरी बात भाई और अपने घरवालों को बताई। पहले तो पीड़िता के परिवार ने अभिषेक पर शादी के लिए दबाव बनाया लेकिन जब वो नहीं माना तो पीड़िता को लेकर पड़ाव थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, फिलहाल आरोपी फरार है जिसके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

Updated on:
20 May 2026 10:43 pm
Published on:
20 May 2026 10:43 pm