ग्वालियर

MP Weather Update Today: एमपी में ठंड का कहर, 73 दिन में दूसरी बार पारा 9.4 डिग्री पर, जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिर बदलेगा मौसम

MP Weather Update Today: उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से बुधवार रात के तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे रात में ठंड बढ़ गई, 16 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर में नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, इससे मौसम में फिर बदलाव आएगा

2 min read

अंचल में उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से बुधवार रात के तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे रात में ठंड बढ़ गई, लेकिन दिन में धूप निकलने से राहत रही। सर्दी के सीजन के 73 दिन में दूसरी बार न्यूनतम तापमान 9.4 डिसे पर आया है। मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटे तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन और रात का तापमान स्थिर रह सकता है। 16 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर में नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, इससे मौसम में फिर बदलाव आएगा और पश्चिमी हवा चलने से रात के तापमान में उछाल आ जा जाएगा, इसलिए इस सप्ताह कड़ाके की ठंड के आसार नहीं हैं।

अंचल में उत्तरी हवा चलने पर कड़ाके की ठंड होती है, लेकिन इस बार यह हवा नहीं चली है। उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है। दोनों हवाओं का मिश्रण होने से रात में कड़ाके की ठंड नहीं हो रही है। दिसंबर में एक बार भी न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे नहीं आया है। सुबह नौ बजे के बाद तेज धूप हो रही है और दोपहर में धूप की चुभन बढ़ी है, क्योंकि दिन का तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 व अधिकतम तापमान 1.5 डिसे अधिक रहा।

पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर रहे मौसम
ग्वालियर चंबल संभाग का मौसम पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित हो रहा है। हवा में नमी आने से हल्के से मध्यम बादल छा रहे हैं। बादलों की वजह से रात का तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच जाता है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के बाद हवा का रुख उत्तर दिशा से होता है, लेकिन एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आने से उत्तरी हवा नहीं चल पा रही है। हालांकि उत्तर भारत में तापमान 6 से 10 डिसे के बीच पहुंच गया, लेकिन अंचल में ठंड प्रभाव नहीं दिखा सकी है।

पारे की चाल
समय तापमान
- सुबह 05:30 11.2
- सुबह 08:30 12.2
- सुबह 11:30 22.6
- दोपहर 02:30 25.6
- शाम 05:30 20.6

Updated on:
14 Dec 2023 07:30 am
Published on:
14 Dec 2023 07:27 am
Also Read
View All