ग्वालियर

बेटी के साथ एक्टिवा पर लड़के को बैठा देख, ग्वालियर में गुस्से में बौखलाया पिता

Assault Over Lift on Activa: बेटी के साथ एक्टिवा पर बैठने वाले लड़के को पकड़कर पिता और चाचा ने बेरहमी से पीटा, चाकू भी मारा, ऐन वक्त पर पीछे हटने से युवक के पेट की जगह हाथ में लगा चाकू।
2 min read
GWALIOR
youth attacked after riding activa with girl, बेटी के साथ एक्टिवा पर बैठा देख पिता-चाचा ने युवक को पीटा (Source-AI)

Gwalior Assault Over Lift on Activa: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक युवक को बेटी के साथ एक्टिवा पर बैठा देख पिता व चाचा इस कदर गुस्साए कि युवक के साथ जमकर मारपीट की और चाकू मार दिया। गनीमत रही कि युवक ऐन वक्त पर पीछे हट गया जिससे चाकू उसके पेट की जगह हाथ में लगा। इतना ही नहीं जब युवक को बचाने के लिए उसका बुजुर्ग पिता आया तो लड़की के पिता और चाचा ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित युवक व उसके पिता ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।

सैलून में घुसकर की मारपीट

ग्वालियर के आंतरी थाना क्षेत्र के पुरी गांव में हेयर कटिंग सैलून चलाने वाले 21 वर्षीय गोलू सेन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि वो शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे अपनी दुकान पर काम कर रहा था। तभी बल्देव कुशवाह और उसका भाई चंदन कुशवाह अचानक दुकान में घुस आए और गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दोनों ने लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और घसीटकर सड़क पर ले गए। इस दौरान चंदन ने जेब से चाकू निकाला और उस पर हमला किया, वो जान बचाने के लिए पीछे हटा तो चाकू उसके पेट की जगह कलाई में लगा।

बुजुर्ग पिता को भी पीटा

पीड़ित गोलू सेन के मुताबिक जब उसके पिता बुद्धाराम सेन बीच-बचाव के लिए आए तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। आरोपियों ने पिता को जमीन पर पटककर लाठी-डंडों और घूंसों से पीटा, जिसके कारण पीड़ित के पिता को भी गंभीर चोटे आई हैं। पीड़ित ने बताया कि मारपीट करने के बाद दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए।

बेटी के साथ एक्टिवा पर बैठा देखा था

बताया गया है कि शुक्रवार को गोलू सेन किसी काम से बाजार जा रहा था, तभी उसने एक युवती से लिफ्ट मांगी थी, युवती ने उसे अपनी एक्टिवा पर लिफ्ट दी थी। वो युवती बल्देव कुशवाह की बेटी थी और बल्देव व उसके भाई चंदन ने एक्टिवा पर उसे बेटी के साथ बैठा देख लिया था। बेटी के साथ एक्टिवा पर बैठा देख आरोपियों ने न जाने क्या सोच लिया और इस कदर गुस्साए कि मारपीट कर दी। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को अस्पताल लेकर पहुंची। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों बल्देव कुशवाह व उसके भाई चंदन कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

Updated on:
04 Jul 2026 07:33 pm
Published on:
04 Jul 2026 07:33 pm