हनुमानगढ़

Hanumangarh Accident: मंदिर जा रही तीन महिलाओं को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत

हनुमानगढ़ जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंदिर जा रही तीन बुजुर्ग महिलाओं को कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
2 min read
hanumangarh accident
Hanumangarh Accident: (फोटो-एआई जेनरेटेड)

हनुमानगढ़। जिले के धोलीपाल गांव में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। बाबा हरिरामजी मंदिर में दर्शन और धोक लगाने जा रही तीन बुजुर्ग महिलाओं को तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, धोलीपाल निवासी रामप्रताप जाट पुत्र गोपालराम ने सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि सोमवार को उनकी माता रामेश्वरी देवी, पड़ोसन माम कौर (75) पत्नी मोमनराम और सावित्री पत्नी बुधराम बाबा हरिरामजी मंदिर में दर्शन करने के लिए पैदल जा रही थीं।

हनुमानगढ़ की तरफ से आ रही थी कार

तीनों महिलाएं मंदिर के गेट के सामने सड़क पार कर गेट और सड़क के बीच पहुंची थीं। इसी दौरान हनुमानगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए तीनों महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर धोलीपाल निवासी परिचित जसवंत सिंह ने परिजनों को फोन कर हादसे की सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिलाओं को तत्काल गांव के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया।

यह वीडियो भी देखें :

इलाज के दौरान महिला की मौत

राजकीय चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायल महिलाओं को गंभीर हालत के चलते राजकीय जिला चिकित्सालय, हनुमानगढ़ टाउन रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान 75 वर्षीय माम कौर की मौत हो गई। जबकि रामेश्वरी देवी और सावित्री का उपचार जारी है। दोनों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मंगलवार को मृतका माम कौर का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से कार चालक की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई है।

Updated on:
01 Sept 2026 04:08 pm
Published on:
01 Sept 2026 04:08 pm